Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वापस आ रही हैं सुनीता विलियम्स

sunita williams return

नौ महीने से ज्यादा समय से अंतरिक्ष में फंसी भारत की बेटी सुनीता विलियम्स  वापसी के लिए रवाना हो गई हैं। जिस समय आप यह खबर पढ़ रहे होंगे उस समय तक उनका अंतरिक्ष यान अमेरिका में फ्लोरिडा के समुद्र तट के पास उतर चुका होगा। (sunita williams return )

उनके साथ दूसरे अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और अन्य लोग भी वापस लौट रहे हैं। उनको लेने गया अंतरिक्ष यान भारतीय समय के मुताबिक साढ़े 10 बजे के करीब अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से पृथ्वी की ओर रवाना हुआ।

गौरतलब है कि सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने 13 दिन से अंतरिक्ष में फंसे थे। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में मौजूद क्रू नौ के दो और एस्ट्रोनॉट, निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनोव भी मंगलवार, 18 मार्च को स्पेस स्टेशन से रवाना हुए।

चारों अंतरिक्ष यात्री के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में सवार होने के बाद सुबह 08:35 बजे इस स्पेसक्राफ्ट का हैच यानी, दरवाजा बंद हुआ और 10 बज कर 35 मिनट पर स्पेसक्राफ्ट इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से अलग हुआ। यह 19 मार्च को सुबह तीन बज कर 27 मिनट पर फ्लोरिडा के तट पर लैंड होगा।

also read: सुनीता विलियम्स समेत सभी अंतरिक्ष यात्रियों ने रचा इतिहास: राजनाथ सिंह

मोदी ने सुनीता विलियम्स को चिट्ठी लिखी (sunita williams return)

इस बीच भारत सरकार की ओर से बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुनीता विलियम्स को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने सुनीता की धरती पर सुरक्षित वापसी की कामना की है। साथ ही उन्हें भारत आने का निमंत्रण भी दिया है।

एक मार्च को लिखी इस चिट्ठी को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। इसमें प्रधनमंत्री मोदी ने लिखा है, ‘आपके लौटने के बाद हम आपको भारत में देखने के लिए उत्सुक हैं।

भारत के लिए अपनी सबसे शानदार बेटियों में से एक की मेजबानी करना खुशी की बात होगी’। (sunita williams return)

बहरहाल, वापसी के इस सफर में करीब 17 घंटे लगेंगे। नासा की ओर से इस इवेंट का एक अनुमानित शेड्यूल जारी किया गया है। इसमें मौसम के कारण बदलाव भी हो सकता है।

नासा के अनुसार 19 मार्च को सुबह दो बज कर 41 मिनट पर डीऑर्बिट बर्न शुरू होगा। यानी, कक्षा से उल्टी दिशा में स्पेसक्राफ्ट का इंजन फायर किया जाएगा। इसके बाद स्पेसक्राफ्ट की पृथ्वी के वातावरण में एंट्री होगी और सुबह फ्लोरिडा के तट पर पानी में लैंडिंग होगी। (sunita williams return)

Exit mobile version