नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल में लॉन्च हुए वीडियो गेम जीटीए-6 का जिक्र करते हुए यह बताया था कि इस गेम के पांचवें संस्करण के बाद छठा संस्करण आने में जितना समय लगा उतने समय में उन्होंने भारत को बदल दिया है। उन्होंने पिछले 12 साल में बदलाव के आंकड़े दिए। अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इसका जवाब दिया है। थरूर ने जीटीए-6 या ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6’ खेलते हुए पिछले 12 साल की घटनाएं बताईं और इसी क्रम में उन्होंने नोटबंदी को एक बड़ी चोरी करार दिया।
थरूर ने नोटबंदी की तुलना वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6’ से करते हुए इसे ‘बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी’ यानी ग्रैंड थेफ्ट करार दिया। यूट्यूब पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, थरूर इस गेम को खेलते हुए और इसके नाम पर मजाक करते नजर आए। उन्होंने कहा, ‘अंग्रेजी भाषा में ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ का कोई मतलब ही नहीं बनता। ‘ग्रैंड थेफ्ट’ यानी बड़ी चोरी तो ठीक है, लेकिन ‘ऑटो’ का क्या मतलब? मैंने पहले कभी वीडियो गेम नहीं खेला है’।
इसके बाद मोदी के अंदाज में ही थरूर ने गेम के पिछले वर्ज़न और आज के वर्जन के बीच के 13 सालों के अंतर की तुलना उन बदलावों से की, जो भारत ने इसी दौरान देखे हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत में ये 13 साल काफी उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं, है ना? और कई मायनों में हम देख रहे हैं कि अभिव्यक्ति की आजादी कम हो गई है। लोग कुछ भी ऐसा कहने से डरते हैं, जिस पर सरकार को आपत्ति हो सकती है’।
नोटबंदी पर तंज करते हुए शशि थरूर ने कहा, ‘हमने अपने एकक हजार और पांच सौ रुपए के नोटों को बेकार होते देखा है। इन 13 सालों में हमने इस देश में कई बड़ी और चौंकाने वाली घटनाएं देखी हैं’। इसी अंदाज में मोदी ने सकारात्मक बदलावों की चर्चा की थी।
