Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांग्ला सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम

नई दिल्ली। भारत और शेख हसीना विरोधी नेता उस्मान हादी को शनिवार को बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि नजरूल इस्लाम की कब्र के पास दफन किया गया। उस्मान हादी के जनाजे में लाखों की संख्या में लोग जुटे। हादी के संगठन इंकलाब मंच ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि हादी की हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाए। इंकलाब मंच ने हत्यारों की तलाश और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है।

तनाव के हालात के बीच बांग्लादेश के अलग अलग हिस्सों में हिंसा जारी है। लक्ष्मीपुर सदर में शुक्रवार देर रात उपद्रवियों ने एक घर को बाहर से बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग में जिंदा जलने से सात साल की एक बच्ची की मौत हो गई। यह घर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता बिलाल हुसैन का है। आग लगने से बिलाल हुसैन और उनकी दो अन्य बेटियां सलमा अख्तर और सामिया अख्तर गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों बेटियों को गंभीर हालत में ढाका भेजा गया है।

इस बीच शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे संसद भवन के साउथ प्लाजा में उस्मान हादी के जनाजे की नमाज अदा की गई। इस मौके पर इंकलाब मंच के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर ने समर्थकों से जनाजे के बाद प्रदर्शन के लिए शाहबाग जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘हम यहां शोक मनाने नहीं आए हैं। हम अपने भाई के लिए न्याय की मांग करने आए हैं’। जाबेर ने कहा कि हादी की हत्या में शामिल हमलावरों को घटना के एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। उन्होंने सरकार से 24 घंटों के भीतर अब तक उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देने की मांग की। उस्मान हादी के जनाजे में शामिल होने के बाद भीड़ सुरक्षा बैरिकेड तोड़कर संसद में घुस गई। लोगों ने वहां तोड़फोड़ और लूटपाट की।

Exit mobile version