श्रीनगर। अमरनाथ की पवित्र गुफा की यात्रा बुधवार, दो जून को शुरू होगी। बुधवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पहला जत्था जम्मू से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना होगा। यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से बुधवार सुबह चार बजे उप राज्यपाल मनोज सिन्हा पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाएंगे। पहलगाम व बालटाल से यात्रा तीन जुलाई को शुरू होगी। यात्रा 38 दिन चलेगी और नौ अगस्त को रक्षा बंधन यानी सावन महीने की पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी।
इस साल यात्रा के लिए तीन लाख 31 हजार से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया है। तीर्थयात्रा के लिए यहां आने वाले भक्तों का मौके पर ऑफलाइन पंजीकरण भी मंगलवार को शुरू हो गया। पिछले दो दिनों में लगभग चार हजार टोकन बांटे गए हैं। शिव भक्तों को पहलगाम और बालटाल के दो आधार शिविरों तक कड़ी सुरक्षा के साथ ले जाया जाएगा। इसके लिए जम्मू व श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रतिबंधित किया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने अपना नियंत्रण बनाया है।
अधिकारियों ने बताया है कि साढ़े तीन हजार से अधिक श्रद्धालु भगवती नगर यात्री निवास पहुंच चुके हैं। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक उच्च स्तरीय बैठक में यात्रा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, सहित प्रशासन और पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उप राज्यपाल ने यातायात और सुरक्षा प्रबंधन की व्यापक समीक्षा की और संबंधित विभागों की ओर से सुचारु, सुरक्षित और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए सभी व्यवस्थाओं की जांच की।