Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बजट के अगले दिन शेयर बाजार में सुधार

मुंबई। बजट के दिन हुई दो फीसदी की भारी गिरावट के एक दिन बाद सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई के संवेदी सूचकांक में तेजी लौटी। दो फरवरी को 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 943 अंक चढ़ कर 81,666 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 262 अंक की तेजी रही। यह 25,088 के स्तर पर बंद हुआ। सोमवार को सूचकांक के 30 शेयरों में से 24 में तेजी रही। एक दिन पहले बजट के दिन 24 शेयरों में गिरावट रही थी।

बताया जा रहा है कि बजट में सिक्योरिटीज पर ट्रांजेक्शन टैक्स यानी एसटीटी बढ़ा देने से शेयर बाजार में रविवार को डेढ़ हजार से ज्यादा अंकों की गिरावट हुई। उसके अगले दिन सोमवार को निवेशकों ने इस करेक्शन के बाद वैल्यू बाइंग की, यानी सस्ते भाव पर अच्छे शेयर खरीदे। इसी से बाजार दिन के निचले स्तर से काफी ऊपर आया और बंद हुआ।

गौरतलब है कि एक फरवरी, रविवार को बजट पेश होने के बाद बाजार में तेज गिरावट रही थी। सेंसेक्स 1,546 अंक यानी करीब दो फीसदी गिरकर 80,722 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 495 अंक टूटा और 24,825 पर बंद हुआ था। असल में सरकार ने फ्यूचर्स ट्रेडिंग पर लगने वाले एसटीटी को 0.02 से बढ़ाकर 0.05 फीसदी कर दिया है। इसी तरह ऑप्शंस प्रीमियम और एक्सरसाइज पर भी एसटीटी को बढ़ाकर 0.15 फीसदी किया गया है। इस कारण बाजार में तेज गिरावट रही थी।

Exit mobile version