श्रीनगर। कश्मीरी पंडितों और दूसरे प्रवासियों को धमकी मिलना कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस बार कश्मीरी पंडितों को जो धमकी मिली है उसमें उनकी गली का ब्योरा और मकान नंबर भी लिखा हुआ है। पहली बार ऐसा हुआ है कि कश्मीरी पंडितों को इस तरह की धमकी दी गई है। यह धमकी वाली चिट्ठी ऑनलाइन जारी की गई है, जिसके बाद पूरे राज्य में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। धमकी देने वालों ने आरोप लगाया है कि घाटी में लौटे कश्मीर पंडित दिल्ली के इशारे पर काम कर रहे हैं।
आतंकवादियों ने धमकी वाली चिट्ठई में कश्मीरी पंडितों को गद्दार बताया है और कहा है कि वो दिल्ली बैठे अपने मालिकों के इशारों पर काम कर रहे हैं। यूएलसी ग्रुप के नाम से ऑनलाइन साझा की गई पोस्ट में घाटी में काम करने वाले कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाया गया है। यह चिट्ठी अहमद बिलाल के नाम से शेयर किया गया है। इसमें लिखा गया है, ‘मैंने पहले भी चेतावनी दी और इन लोगों की हर हरकत पर हमारी नजर है’।
ऑनलाइन साझा की गई इस चिट्ठी में कहा गया है कि जो कश्मीरी पंडित कश्मीर छोड़ कर नहीं गए थे वो सुरक्षित है, जबकि जो छोड़ कर चले गए हैं वो आरएसएस का एजेंडा चला रहे हैं। यह चिट्ठी यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल ने भेजा है, जिसे लश्कर ए तैयबा का ही एक मोर्चा बताया जा रहा है। इससे पहले जो चिट्ठी भेजी गई थी उसमें लोगों के नाम के साथ टेलीफोन नंबर थे। कुछ समय पहले कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकी देने और लोगों से हत्याएं शुरू करने की मंजूरी लेने के लिए ऑनलाइन पोल शुरू किया था। इसके आरोप में एक टेलीग्राम अकाउंट के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है।
