नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार, छह जुलाई से छह दिन के विदेश दौरे पर जाने वाले हैं। प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंडोनेशिया का दौरा करेंगे। उससे पहले उनको ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जान से मारने की धमकी मिली है। ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस प्रधानमंत्री मोदी को दी गई धमकी की जांच कर रही है। हालांकि किसी के गिरफ्तार होने की सूचना नहीं है।
शनिवार को ‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की रिपोर्ट में दावा किया गया कि यह धमकी फेसबुक पर ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट के नीचे लिखी गई थी। पोस्ट के नीचे अबू मुस्तफा नाम के फेसबुक अकाउंट से लिखा गया, ‘स्टेडियम की छत कार्यक्रम के दौरान बंद रहनी चाहिए, नहीं तो वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आएगा’। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने उस पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी आठ से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे। ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम उनकी यात्रा के दूसरे दिन यानी नौ जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में होना है। धमकी सामने आते ही इसकी जानकारी ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस को दे दी गई थी। अब तक पुलिस ने धमकी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पुलिस किसी गिरफ्तारी की पुष्टि भी नहीं कर रही है।
ऑस्ट्रेलिया की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयों समेत कई एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा करने वाली एसपीजी की टीम भी वहां पहुंच गई होगी, जहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम होने हैं।
