नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के तीन विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें से दो विधायकों ने रविवार को पार्टी छोड़ी थी, जबकि एक विधायक ने सोमवार को पार्टी छोड़ी। सोमवार को ही तीनों नेता भाजपा में शामिल हो गए। एक विधायक ने आप छोड़ने के साथ ही विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। इस बीच पार्टी छोड़ने वाले विधायकों को विधानसभा स्पीकर की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है।
बहरहाल, आम आदमी पार्टी के अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आप छोड़ी है और भाजपा में शामिल हो गए हैं। पंजाब के प्रभारी सतीश पुनिया और पंजाब के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में तीनों विधायक भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक कुंवर विजय प्रताप ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन गए हैं। फिरौती की इंडस्ट्री चल रही है। इससे पहले जौड़ामाजरा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी ने तीन से चार महीना में ड्रग्स की समस्या से छुटकारा दिलाने को कहा था। लेकिन सरकार बनने के बाद इसने कुछ नहीं किया। गौरतलब है कि शनिवार को ही आप ने 40 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी। ये सभी विधायक हैं। गौरतलब है कि कुंवर विजय प्रताप को पार्टी ने पांच साल के लिए निष्कासित किया हुआ है। इन तीनों को टिकट नहीं मिलने की चर्चा थी।
