Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत में बढ़ा भ्रष्टाचार

नई दिल्ली। तमाम दावों के बावजूद भारत में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। भ्रष्टाचार की रैंकिंग तैयार करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की 180 देशों की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 2023 में भ्रष्टाचार पहले से बढ़ गया। सोमवार यानी 30 जनवरी को जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक भारत की रैंकिंग आठ स्थान गिर गई है। रिपोर्ट के मुताबिक देश में 2023 में भ्रष्टाचार बढ़ा है और करप्शन परसेप्शन इंडेक्स में भारत 2023 में 93वें स्थान पर आ गया है, जबकि एक साल पहले 2022 में भारत 85वें स्थान पर था।

रिपोर्ट के मुताबिक चीन 76वें और पाकिस्तान 133 नंबर पर है। वहीं, डेनमार्क एक नंबर पर है, जहां सबसे कम भ्रष्टाचार है और सोमालिया 180 देशों की सूची में सबसे नीचे है। इस इंडेक्स के लिए ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के विशेषज्ञ हर देश के पब्लिक सेक्टर में भ्रष्टाचार का आकलन करते हैं। इसके बाद हर देश को शून्य से एक सौ के बीच स्कोर दिया जाता है। जिस देश में जितना ज्यादा भ्रष्टाचार, उसे उतना कम स्कोर दिया जाता है। इसी आधार पर इंडेक्स में रैंकिंग निर्धारित होती है। मंगलवार को जारी की गई 2023 की रिपोर्ट में भारत का स्कोर 39 निर्धारित किया गया है। 2022 में यह स्कोर 40 था। सिर्फ एक नंबर के कम होने से भारत आठ पायदान नीचे चला गया है।

Exit mobile version