Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अक्टूबर में जीएसटी संग्रह 1.72 लाख करोड़

जीएसटी

नई दिल्ली। त्योहारों के सीजन में वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी के संग्रह में बड़ा इजाफा हुआ है। सरकार को अक्टूबर 2023 में जीएसटी के रूप में एक लाख 72 हजार करोड़ रुपए मिले हैं। यह एक साल पहले यानी अक्टूबर 2022 के मुकाबले 13 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल अक्टूबर महीने में सरकार ने जीएसटी से 1.51 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। अगर महीने दर महीने के हिसाब से देखें तो एक महीने पहले सितंबर में सरकार ने जीएसटी से 1.63 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे।

बहरहाल, अक्टूबर में लगातार आठवीं बार ऐसा हुआ है कि जीएसटी राजस्व डेढ़ लाख करोड़ रुपए से ऊपर रहा है। हालांकि अब तक सबसे ज्यादा जीएसटी संग्रह अप्रैल 2023 में हुआ था, जब ये आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था। पिछले 20 महीने से देश का जीएसटी संग्रह 1.4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर बना हुआ है।

अक्टूबर का आंकड़ा जारी करते हुए वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा- अक्टूबर 2023 में जीएसटी कलेक्शन 1,72,003 करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय यानी सीजीएसटी 30,062 करोड़ रुपए, राज्यों का यानी एसजीएसटी 38,171 करोड़ रुपए, एकीकृत यानी आईजीएसटी 91,315 करोड़ रुपए और उपकर 12,456 करोड़ रुपए रहा है। उपकर में माल के आयात से मिले 1,294 करोड़ रुपए शामिल हैं।

Exit mobile version