Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एक महीने के सूखे के बाद लौटा मानसून

नई दिल्ली। अगस्त के महीने में सूखा पड़ने के बाद एक बार फिर मानसून का दौर लौटा है और कई राज्यों में तेज बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि आठ सितंबर यानी शुक्रवार को भी करीब 20 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मानसून का दौर लौटते ही हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन भी शुरू हो गया है। गुरुवार को एक भूस्खलन में दो गाड़ियां दब गईं। हालांकि किसी को मरने की खबर नहीं है।

बहरहाल, अगस्त में मानसून पर लगा ब्रेक हट गया है। कई राज्यों में जहां सूखा पड़ गया था वहां अच्छी बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित कई राज्यों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने सात सितंबर के अलावा आठ सितंबर को भी देश के करीब 20 राज्यों में जोरदार बारिश का अनुमान जाहिर किया है। इसके अगले दो दिन यानी नौ और 10 सितंबर को भी एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में तेज बारिश का अनुमान लगाया गया है।

गौरतलब है कि भारत में एक सदी से भी ज्यादा समय में इस बार सबसे सूखा अगस्त रहा। इसमें सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश हुई। जानकारों का कहना है कि अल नीनो की वजह से अगस्त के महीने में बहुत कम बारिश हुई। हालांकि कई जानकार मान रहे हैं कि सितंबर में बारिश से मानसून की कम बारिश की भरपाई हो जाएगी। मौसम विभाग ने चार सितंबर के बाद कई राज्यों में तेज बारिश का अनुमान लगाया था, जो सही साबित हो रहा है। अगर 10 सितंबर तक बारिश होती रहती है तो स्थिति में सुधार हो सकता है।

Exit mobile version