Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तेलंगाना में आज वोट पड़ेंगे

vote.

हैदराबाद। तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। पांच राज्यों में पांच चरण में हुए विधानसभा चुनाव में आखिरी चरण का मतदान तेलंगाना में होगा। उसके बाद तीन दिसंबर को एक साथ सभी पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे आएंगे। तेलंगाना में मतदान समाप्त होने के बाद शाम पांच बजे से सभी राज्यों के एक्जिट पोल के नतीजे आएंगे, जिससे चुनावी नतीजों का कुछ अंदाजा मिलेगा। बहरहाल, चुनाव आयोग ने सभी सीटों पर मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।

तेलंगाना में सीधा मुकाबला सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने मुकाबले को त्रिकोणात्मक बनाने के लिए जम कर प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूरा जोर लगाया। मंगलवार को प्रचार खत्म होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीन दिन तक प्रचार किया था। वे शनिवार से सोमवार तक तेलंगाना में थे। सोमवार को उन्होंने तिरुपति मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की पूजा भी की थी।

कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रचार की कमान संभाली थी। सत्तारूढ़ बीआरएस की ओर से मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के साथ उनके बेटे, बेटी और भतीजे ने चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगाया। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, उनके बेटे केटी रामा राव, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और भाजपा के सासंद बंदी संजय कुमार सहित कुल 2,290 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्यमंत्री केसीआर कामारेड्डी और गजवेल से अपनी किस्मत आजमा रहे है तो रेवंत रेड्डी कोडंगल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने अपने विधायक एटाला राजेंद्र को हुजूराबाद के अलावा गजवेल से मैदान में उतारा है।

Exit mobile version