Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति को भी धमकाया

न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को बुरा हाल करने की धमकी दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है, ‘अगर डेल्सी वह नहीं करतीं जो वेनेजुएला के लिए अमेरिका सही मानता है, तो उनका हाल मादुरो से भी ज्यादा बुरा हो सकता है’। उन्होंने यह बात ‘द अटलांटिक’ मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में कही है।

इससे पहले ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था, ‘अगर रोड्रिग्ज अमेरिका की बात मान लेती हैं तो वेनेजुएला में अमेरिकी सेना तैनात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी’। वहीं, दूसरी ओर डेल्सी रोड्रिग्ज ने मादुरो को सत्ता से हटाने की आलोचना की है। साथ ही अमेरिका से मादुरो को वापस भेजने की मांग की है। गौरतलब है कि डेल्सी को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पूरी शक्तियों के साथ वेनेजुएला का अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है।

इस बीच वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलसम मादुरो को सोमवार को न्यूयॉर्क की एक फेडरल अदालत में पेश किया गया। उनके ऊपर अमेरिका में हथियार और ड्रग्स तस्करी से जुड़ा मुकदमा चलेगा। मादुरो के ब्रुकलिन की उच्च सुरक्षा वाली जेल में रखा गया है। वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच पेशी के लिए अदालत तक लाया गया। न्यूयॉर्क सिटी की सड़कों पर कई सुरक्षा वाहनों के साथ उनका काफिला देखा गया, जो सीधे अदालत के अंदर पहुंचा।

इस दौरान अमेरिकी ड्रग एजेंसी यानी डीईए के अधिकारी सुरक्षा में तैनात थे। इससे पहले मादुरो को लेकर एक हेलीकॉप्टर अदालत के पास बने हेलिपैड पर उतरा था। हेलीकॉप्टर के उतरते ही उन्हें तुरंत एक वैन में बैठाया गया और वहां से सीधे अदालत ले जाया गया। गौरतलब है कि मादुरो को शुक्रवार को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ वेनेजुएला से पकड़ा गया था।

Exit mobile version