Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप ने दिया ‘अमेरिका-चीन दोस्त’ का नारा

नई दिल्ली। एक समय भारत के पहले प्रधानमंत्री ने ‘हिंदी-चीनी भाई-भाई’ का नारा लगाया था और अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और चीन की दोस्ती का नारा लगाया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और चीन दोस्त हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी आपस में टकराव टालने की अपील की है। ऐसे सद्भाव के माहौल में दोनों नेताओं के बीच दोपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर मुख्य रूप से बात हुई।

गौरतलब है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 11 साल के बाद अमेरिका के दौरे पर पहुंचे हैं, जहां ट्रंप ने उनका शाही स्वागत किया। ट्रंप प्रोटोकॉल तोड़ कर अपनी पत्नी के साथ हवाईअड्डे पर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी को रिसीव करने पहुंचे थे। बहरहाल, शी जब व्हाइट हाउस पहुंचे तो वहां भी उनका भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच दोपक्षीय वार्ता हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने राष्ट्रपति शी के सम्मान में रात्रि भोज का भी आयोजन किया है।

दोपक्षीय वार्ता में एआई का मुद्दा सबसे अहम रहा। वार्ता से पहले राष्ट्रपति जिनपिंग ने एआई को लेकर कहा कि इसका नियंत्रण हमेशा इंसानों के हाथ में रहना चाहिए। इस बीच अमेरिकी टीवी मीडिया ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया। अमेरिका के किसी भी बड़े टीवी चैनल ने इस मुलाकात का लाइव प्रसारण नहीं किया। असल में, व्हाइट हाउस ने सीएनएन, एमएस नाऊ और पॉलिटिको के पत्रकारों को कवरेज से रोक रखा है। इसके विरोध में दूसरे चैनल भी इस मुलाकात को कवर नहीं कर रहे हैं।

Exit mobile version