नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी दुनिया में सीजफायर कराते चल रहे हैं लेकिन अपने दोस्त और दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क के साथ उनका युद्धविराम एक महीने भी नहीं चल सका। दोनों में नए सिरे से झगड़ा शुरू हो गया है। मस्क ने कहा है कि ट्रंप ने बिग ब्यूटीफुल बिल पास कराया तो वे इसके अगले ही दिन अमेरिका में नई पार्टी के गठन का ऐलान करेंगे। इसके जवाब में मंगलवार को ट्रंप ने मस्क को दक्षिण अफ्रीका डिपोर्ट करने तक की बात कर दी।
ट्रंप ने कहा, ‘अगर मस्क को मिलने वाली सब्सिडी बंद हो जाए, तो उनको अपनी दुकान बंद करके दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा’। ट्रंप के कहा कि सब्सिडी बंद होने से न तो टेस्ला इलेक्ट्रिक कार का प्रोडक्शन कर पाएगी, न ही स्पेसएक्स के रॉकेट, सेटेलाइट लॉन्च होंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति ने दावा किया कि मस्क को सरकारी सब्सिडी के तौर पर इतना पैसा मिला है, जितना शायद किसी और को नहीं मिला। उनसे पूछा गया कि क्या वे मस्क को डिपोर्ट कर सकते हैं तो ट्रंप ने कहा कि इस पर विचार करना होगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘मस्क को राष्ट्रपति पद के लिए मेरा समर्थन करने से बहुत पहले ही पता था कि मैं इलेक्ट्रिक व्हीकल के खिलाफ हूं। इलेक्ट्रिक गाड़ियां अच्छी हैं, लेकिन हर इंसान को इन्हें खरीदने के लिए मजबूर करना गलत है’। इससे पहले मस्क ने शनिवार को ट्रंप के बिग ब्यूटीफुल बिल की एक बार फिर से आलोचना की थी। मस्क ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘ट्रंप का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा’। मस्क ने कहा, ‘यह पूरी तरह पागलपन से भरा और विनाशकारी है। यह कानून पुराने उद्योगों को रियायत देता है, लेकिन भविष्य के उद्योगों को तबाह कर देगा’।
