नई दिल्ली। अमेरिका ने इस साल फऱवरी में अमेरिका के साथ चल रही वार्ता के बीच ईरान के ऊपर हमला किया और योजनाबद्ध तरीके से ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को मार डाला। लेकिन अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह रहे हैं कि वे उसी मारे गए खामेनेई के बेटे और ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई से मिलना चाहते हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि खामेनेई से मुलाकात होगी तो उनको गर्व होगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होता है, तो वे ईरान के सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मैं सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई से मिलना नहीं चाहता, लेकिन अगर मुलाकात होती है तो मुझे गर्व होगा। अगर डील हो जाती है तो मुलाकात संभव है। मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं होगी’।
अमेरिका के राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि कोई भी संभावित मुलाकात सम्मानजनक होगी और वे ईरान के सुप्रीम लीडर से इज्जत से पेश आएंगे। इसके अलावा, राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि उनकी सरकार ने ईरान से संवर्धित यूरेनियम हासिल करने के लिए सैनिक भेजने पर विचार किया था, लेकिन यह योजना अंत में खारिज कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘यह ऑपरेशन बहुत ज्यादा जोखिम भरा था और इसमें अमेरिकी सैनिकों की जान जाने की आशंका थी। इसलिए इसे आगे नहीं बढ़ाया गया’।
