Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अगले साल भारत आ सकते हैं ट्रंप

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। उन्हें भारत में प्रस्तावित क्वाड के लीडरशिप सम्मेलन में हिस्सा लेना था। लेकिन किसी न किसी वजह से यह मामला टलता रहा। अब अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले साल के शुरू में भारत आ सकते हैं।

खबरों के मुताबिक व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपनी दूसरी भारत यात्रा पर अगले साल की शुरुआत में जा सकते हैं। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप साल 2020 में पहली बार भारत यात्रा पर आए थे। पूरी दुनिया में कोराना की महामारी शुरू होने के बीच वे अहमदाबाद में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

बहरहाल, व्हाइट हाउस में रूबियो से पूछा गया कि वे भारत की प्रगति, विकास और वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को कैसे देखते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘हम पीएम मोदी और उनके द्वारा किए गए कार्यों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं’। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास की सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखे जाने पर भारत का धन्यवाद किया। उन्होंने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘भारत के हैदराबाद में नया डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू। इस तरह सम्मानित होने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति हूं। धन्यवाद’!

Exit mobile version