Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप भारत पर फिर बढ़ाएगें टैरिफ

नई दिल्ली। मध्यावधि चुनाव में बुरी तरह से हारने के बावजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पुरानी राजनीति जारी रखे हुए हैं। कहा जा रहा है कि उनका प्रशासन एक बार फिर भारत पर टैरिफ बढ़ाने पर विचार कर रहा है। अमेरिकी अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन सहित 16 देशों पर टैरिफ बढ़ाने के बारे में अमेरिकी प्रशासन विचार कर रहा है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चीन के ऊपर ट्रंप प्रशासन 40 फीसदी टैरिफ लगा सकता है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने 16 व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ आठ महीने तक चली जांच पूरी करने के बाद आयात शुल्कों की घोषणा की है। अमेरिका का आरोप है कि संबंधित देश बाजार की वास्तविक मांग और आर्थिक सिद्धांतों से अलग जाकर जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता को बढ़ावा दे रहे हैं। नए टैरिफ लागू करने से पहले इस प्रस्ताव पर आम जनता और संबंधित पक्षों की राय मांगी जाएगी।

यूएसटीआर ने कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान, थाईलैंड और भारत पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लग सकता है. चीन पर 20 प्रतिशत और टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है।  यह ट्रंप के पहले कार्यकाल में लगाए गए करीब 25 प्रतिशत टैरिफ के अतिरिक्त होगा।

खास बात यह है कि भारत और वियतनाम उन देशों में शामिल हैं, जिन्होंने अभी तक अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित टैरिफ से दोनों देशों के साथ व्यापार वार्ता में तेजी आ सकती है। इसके अलावा, दिसंबर में मियामी में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिका कुछ और देशों के साथ व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दे सकता है।

राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन का आरोप है कि ये देश सरकारी मदद से जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और इन्हें सस्ते दामों पर बेच रहे हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।

गौरतलब है कि अमेरिका ने इसी साल फरवरी में टैरिफ दर 50 से घटा कर 18 फीसदी कर दिया था। साथ ही रूस से तेल आयात के कारण जुर्माने के रूप में लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को वापस करने का फैसला भी लिया था।  रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका दूसरे देशों में जबरन मजदूरी से तैयार होने वाले सामानों को लेकर भी सख्ती कर रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने जुलाई में इस मामले की जांच पूरी की थी। कार्यालय के मुताबिक, जांच के दायरे में आए कई देशों पर 10 से साढ़े 12 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। दोनों देशों ने फरवरी में समझौते की रूपरेखा तय की थी। लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछले साल लगाए गए टैरिफ रद्द किए जाने के कारण यह बातचीत दोबारा शुरू करनी पड़ी।

Exit mobile version