भोपाल। मध्य प्रदेश में चर्चित त्विशा शर्मा केस में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने त्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मॉडल व एक्ट्रेस त्विशा के शव का फिर से पोस्टमार्टम कराने का फैसला किया गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स, दिल्ली के निदेशक के नेतृत्व में एम्स भोपाल के डॉक्टरों की टीम दोबारा पोस्टमॉर्टम करेगी। पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी।
इससे पहले त्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह शुक्रवार शाम जिला कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। वहां उसे गिरफ्तार किया गया। हंगामे की संभावना देखते हुए छह थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई। गिरफ्तारी के बाद समर्थ को वकीलों के एक केबिन में रखा गया। हालांकि त्विशा के पिता के वकील ने आरोप लगाया कि समर्थ मास्क लगा कर जिला व सत्र न्यायाधीश के कोर्ट रूम में बैठा हुआ था।
इस बीच मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने त्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली एम्स के निदेशक के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम भोपाल एम्स में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। तब तक पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले में बढ़ते विरोध को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया है। इससे पहले 20 मई को त्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे थे। तब मुख्यमंत्री ने जांच का आश्वासन दिया था। साथ ही सरकार ने हाई कोर्ट में अपील दायर कर त्विशा की सास और रिटायर जज गिरिबाला सिंह को दी गई जमानत रद्द करने की मांग की है। दो जजों की बेंच इस मामले में सुनवाई करेगी।
