भोपाल। एक्ट्रेस त्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई ने गुरुवार को उनकी सास रिटायर जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई गिरिबाला सिंह को लेकर मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पहुंचे, जहां मेडिकल बोर्ड को बुला कर उनकी जांच कराई गई। गौरतलब है कि सीबीआई ने इसी इंस्टीट्यूट को कैंप ऑफिस बनाया है।
बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गिरिबाला पर सबूतों से छेड़छाड़ करने के आरोप हैं। इससे पहले सीबीआई के अधिकारी गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे गिरिबाला के घर पहुंचे थे। करीब सात घंटे तक पूछताछ के बाद शाम पांच बजे उन्हें गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। हाई कोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है, मामले की गंभीरता, सबूत और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था।
