Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेरिका, चीन, रूस एक सुर में बोले

नई दिल्ली। चीन के शेनझेन में गुरुवार को दुनिया की तीन महाशक्तियों अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्रपतियों की बैठक हुई। इस ऐतिहासिक बैठक में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हिस्सा लिया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद पिछले 80 साल में पहली बार हुआ, जब इन तीनों देशों के राष्ट्रपतियों ने आपसी और वैश्विक मुद्दों पर विचार के लिए औपचारिक बैठक की।

इस बैठक में सबसे पहले परमाणु हथियारों के खतरों पर बातचीत हुई। राष्ट्रपति जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को इंसानियत के सिर पर लटकती तलवार बताया। उन्होंने कहा कि इन्हें पूरी तरह खत्म कर देना चाहिए। पुतिन ने कहा कि रूस, चीन और अमेरिका तीनों ने दूसरे विश्व युद्ध में जीत हासिल की थी। इसलिए दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी इन तीनों देशों की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वे इस बात से बेहद खुश हैं कि तीनों देशों के बीच पहली बार त्रिपक्षीय बैठक हो रही है। यह इतिहास रचने जैसा है।

ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक के बाद रूस ने साझा बयान का पूरा मसौदा जारी किया। इसमें मुख्य रूप से चार बातों पर सहमति बनी है। परमाणु शक्ति और संयुक्त राष्ट्र संघ में वीटो के अधिकार से संपन्न तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्था में सुधार करने पर सहमति जताई। इसके बाद तीनों देश पेट्रोलियम पदार्थों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने पर सहमत हुए। तीनों देशों ने यह भी तय किया कि किसी देश के सरकारी अधिकारियों को उनके आधिकारिक कामों के लिए दूसरे देशों की अदालतों में कानूनी कार्रवाई से छूट मिलनी चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत यानी आईसीसी को अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल नहीं करने को भी कहा।

इस बैठक में परमाणु हथियारों से जुड़े खतरे कम करने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी। साझा बयान में कहा गया कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही इसे कभी लड़ा जाना चाहिए। इस बैठक में रूस और यूक्रेन को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। ट्रंप और जिनपिंग के साथ बैठक के बाद पुतिन ने कह दिया था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ट्रंप यूक्रेन जंग समेत दुनिया के दूसरे विवादों को सुलझाने की ईमानदारी से कोशिश करेंगे। लेकिन वे यूक्रेन के साथ जंग को लेकर बातचीत नहीं करेंगे।

Exit mobile version