नई दिल्ली। अमेरिका पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को अमेरिका ने निराशाजनक कहा है। भाजपा के आरोपों पर पहली प्रतिक्रिया में भारत में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा है कि देश में सत्तारूढ़ दल का इस तरह के आरोप लगाना निराशाजनक है। अमेरिका ने कहा कि वह दुनिया भर में मीडिया की स्वतंत्रता का समर्थक रहा है और इन संगठनों द्वारा संपादकीय निर्णयों को प्रभावित नहीं करता है।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि भारत विरोधी एजेंडा चलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एजेंडा चलाने के पीछे हमेशा अमेरिकी विदेश मंत्रालय का हाथ रहा है। गुरुवार को लोकसभा में भाजपा के सांसद ने ये मुद्दा उठाया और भाजपा ने इसे लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। उसने कांग्रेस पर भी आरोप लगाया और कहा कि वह कारोबारी जॉर्ज सोरोस की मदद से भारत के खिलाफ साजिश रच रही है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सोरोस के फंड से चल रहा ओसीसीआरपी भारत के खिलाफ गलत जानकारी फैलाता है।
भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार अमेरिकी विदेश मंत्रालय पर डीप स्टेट के जरिए भारत को अस्थिर करने और प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके साथ ही भाजपा सांसद संबित पात्रा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की तरक्की को बाधित करने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। संबित पात्रा ने कहा कि ऑर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट यानी ओसीसीआरपी को अमेरिकी विदेश विभाग और अरबपति जॉर्ज सोरोस जैसे ‘डीप स्टेट’ से जुड़े लोगों द्वारा वित्तीय सहायता मिल रही है। पात्रा ने आरोप लगाया कि यह समूह प्रधानमंत्री मोदी और भारत की छवि को खराब करने के लिए बेबुनियाद रिपोर्ट छाप रहे हैं।