नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी का नया रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम हो गया। उन्होंने मेन्स टीम में अब तक सबसे युवा खिलाड़ी रहे सचिन तेंदुलकर का और महिला टीम की सबसे युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव को 15 साल, 71 दिन की उम्र में आयरलैंड और इंगलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
वैभव को जून और जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी 20 सीरीज के साथ साथ सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी चुना गया है। एशियन गेम्स में क्रिकेट के मुकाबले टी 20 फॉर्मेट में होते हैं। श्रेयस अय्यर टी 20 टीम में भारत के नए कप्तान बनाए गए हैं। वर्ल्ड कप जीतने वाले सूर्यकुमार यादव से न सिर्फ कप्तानी छीन ली गई है, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया है। तिलक वर्मा टी 20 टीम के उप कप्तान बनाए गए हैं।
भारतीय टीम में पहली बार चुने जाने के दिन सबसे कम उम्र के मामले में वैभव ने शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले शेफाली पुरुष और महिला क्रिकेट मिलाकर भारतीय टीम के लिए चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी थीं। वे जब पहली बार चुनी गई थीं, तब 15 साल, 220 दिन की थीं। वहीं, पुरुष क्रिकेटर्स में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन 16 साल, 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुने गए थे।
शेफाली ने टीम में चुने जाने के 19 दिन के बाद 15 साल 239 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेल लिया था। वहीं, सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेला था। वैभव को अगर इंग्लैंड और आयरलैंड टूर या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिल जाता है तो वे शेफाली और सचिन दोनों को पीछे छोड़कर भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे।
