Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उप राष्ट्रपति डेल्सी को वेनेजुएला की कमान

नई दिल्ली। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार करके अमेरिका ले जाए जाने के बाद वहां एक अंतरिम व्यवस्था बना दी गई है। वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को तुरंत राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ अंतरिम तौर पर कार्यभार संभालने के लिए कहा है।

हालांकि मादुरो की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि अमेरिका ही वेनेजुएला को चलाएगा। इसके लिए उन्होंने अपने दो मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम बनाई है। राष्ट्रपति ट्रंप की बनाई टीम अमेरिका की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ मिल कर वेनेजुएला का प्रशासन संभालेगी। ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला को चलाने के लिए एक खास टीम बनाई गई है। इसमें अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अन्य शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

ट्रंप ने कहा कि उनकी बनाई टीम वेनेजुएला में कानून व्यवस्था बनाए रखने, सरकारी संस्थानों को दोबारा कामकाजी बनाने, तेल, ऊर्जा और सुरक्षा जैसे अहम सेक्टर को स्थिर करने, और स्थायी व्यवस्था बहाल होने तक कामकाज में मदद करेगी। बहरहाल, राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तारी के बाद न्यूयॉर्क लाया गया है, जहां उनको मैनहैटन से हेलीकॉप्टर के जरिए ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया गया। मादुरो को ब्रुकलिन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। अगले हफ्ते उन्हें मैनहैटन की संघीय अदालत में ड्रग्स और हथियारों से जुड़े मामलों में पेश होना है। मादुरो की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें अमेरिकी सुरक्षा बलों को नए साल की बधाई दी।

Exit mobile version