Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विजय मल्होत्रा का निधन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और दिल्ली प्रदेश भाजपा के पहले अध्यक्ष रहे विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हो गया है। मंगलवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 93 साल थी। वे पिछले कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स दिल्ली में भर्ती थे। मंगलवार की सुबह एम्स प्रशासन ने उनकी मौत की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार के विधायक थे। दिल्ली में 1993 में विधानसभा शुरू होने से पहले वे दिल्ली के चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट रहे, जिसका दर्जा मुख्यमंत्री का होता है। वे 1980 में दिल्ली के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनावों में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था। इसके बाद मनमोहन सिंह फिर चुनाव नहीं लड़े। वे 2004 में प्रधानमंत्री बने। 2004 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सात सीटों में से सिर्फ एक सीट पर भाजपा जीती और वह सीट विजय मल्होत्रा की थी।

बहरहाल, मंगलवार को निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित उनके आवास पर रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित भाजपा के कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘विजय कुमार मल्होत्रा एक महान नेता थे जिन्हें जन मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप के लिए भी याद किया जाता है। उनका निधन बहुत दुखद है’।

Exit mobile version