Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

व्हाट्सएप को लेकर चेतावनी जारी

WhatsApp New Feature

नई दिल्ली। सोशल मैसेजिंग के सबसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप को लेकर सरकार ने चेतावनी जारी की। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से व्हाट्सएप के वेबसाइट पर इस्तेमाल को लेकर यह चेतावनी जारी की गई है। गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने कहा है कि कंप्यूटर पर व्हाट्सएप खुला न छोड़ें क्योंकि इससे डेटा लीक हो सकता है। साइबर क्राइम यूनिट ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि वेब पर व्हाट्सएप को साइबर ठग हैक कर पूरे अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं। इतना ही नहीं सेना के अधिकारियों और कर्मचारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में पाकिस्तान की घुसपैठ का भी खुलासा हुआ है, जिसके बाद अधिकारियों से कहा गया है कि वे ग्रुप में कोई भी संवेदनशील जानकारी न डालें।

बहरहाल, व्हाट्सएप को लेकर सरकार ने लोगों से कहा कि वे इसके वेब वर्जन पर ऑफिस, सरकारी, संवेदनशील सूचनाओं और पैसों से जुड़े जरूरी काम न करें। यह भी कहा गया है कि हर बार काम खत्म होने के बाद अकाउंट को लॉग आउट जरूर करें। साथ ही सरकार की एडवाइजरी में कहा गया है कि साइबर कैफे जैसी जगहों पर इसके इस्तेमाल से बचें।

उधर सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को पाकिस्तानी हैंडलरों की साइबर जासूसी की कोशिश पकड़ी। ये लोग डिफेंस, पैरामिलिट्री और डिफेंस सिविलियन अधिकारियों के निजी व्हाट्सएप ग्रुप में घुसे थे। एजेंसियों ने इस खतरे को संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी कर रहे अधिकारियों के खिलाफ लक्षित साइबर जासूसी अभियान बताया है। इसके बाद इन ग्रुप और दूसरे सोशल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म का ऑडिट कराने और उन्हें साफ करने के आदेश दिए गए हैं।

Exit mobile version