Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर रोक

गुवाहाटी। विवादों में घिरे भारतीय कुश्ती संघ का चुनाव एक बार फिर टल गया लगता है। इस बार गुवाहाटी हाईकोर्ट ने चुनाव पर रोक लगा दी है। यह चुनाव 11 जुलाई को होने थे। असम कुश्ती संघ की मांग पर हाई कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी है। इससे पहले 21 जून को भारतीय ओलंपिक संघ, आईओए की तदर्थ समिति ने भारतीय कुश्ती संघ के चुनावों को पांच दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया था। पहले यह चुनाव छह जुलाई को होने थे, जिसे तदर्थ समिति ने आगे बढ़ा कर 11 जुलाई कर दिया था, लेकिन अब 11 जुलाई को भी यह चुनाव नहीं होंगे।

गौरतलब है कि असम कुश्ती संघ ने भारतीय कुश्ती संघ, भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति और खेल मंत्रालय के खिलाफ दायर याचिका में कहा कि वहभारतीय कुश्ती संघ से सदस्य के रूप में मान्यता की हकदार है।लेकिन उत्तर प्रदेश के गोंडा में 15 नवंबर 2014 को संघ की आम परिषद को तत्कालीन कार्यकारी समिति की सिफारिश के बावजूद ऐसा नहीं किया गया।उसने याचिका में कहा है कि तदर्थ समिति ने मतदाता सूची के लिए नाम भेजने की आखिरी तारीख 25 जून तय की है, जबकि नई संचालन संस्था के चयन के लिए चुनाव 11 जुलाई को होने हैं।

याचिकाकर्ता ने कहा कि जब तक उनकी संस्था को भारतीय कुश्ती संघ से मान्यता नहीं मिलती और वे मतदाता सूची के लिए अपने प्रतिनिधि को नामांकित नहीं कर पाते तब तक चुनाव प्रक्रिया को रोका जाना चाहिए।अदालत ने प्रतिवादियों,भारतीय कुश्ती संघ की भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति और खेल मंत्रालय को निर्देश दिया कि सुनवाई की अगली तारीख तक वे कुश्ती संघ की कार्यकारी समिति के चुनाव की प्रक्रिया पर आगे नहीं बढ़ें। सुनवाई की अगली तारीख 17 जुलाई तय की गई है।

Exit mobile version