नई दिल्ली। देश के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश हो रही है। कई राज्यों में बहुत ज्यादा बारिश होने के तबाही मची है। पूर्वोत्तर के राज्यों के अलावा गुजरात ऐसा राज्य है, जहां लगातार कई दिनों से बारिश हो रही है और इसके कई जिले बाढ़ में डूबे हैं। बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों से 40 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बारिश से जुड़े अलग अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। अहमदाबाद में शनिवार को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहे।
उधर असम में बाढ़ से पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़ कर 61 हो गई है। राज्य के 12 जिलों में बाढ़ से सात लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश का बहुत मजबूत सिस्टम सक्रिय है, जिसके चलते आज प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 15 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई नदियां उफान पर हैं। शनिवार को मौसम विभाग ने राज्य के 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। उधर, राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया था। हालांकि जम्मू कश्मीर में मौसम ठीक हो गया है, जिसकी वजह से अमरनाथ यात्रा छह दिन बाद शनिवार को फिर से शुरू हो गई।
