Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप के बयान के बाद जेलेंस्की ने पुतिन को कहा ‘हत्यारा’

Volodymyr Zelensky

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ‘हत्यारा’ करार दिया है। श्री जेलेंस्की की यह टिप्पणी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा श्री पुतिन को ‘दोस्त’ घोषित करने के जवाब में आई है।

श्री जेलेंस्की ने श्री ट्रंप की टिप्पणी के बारे में सीएनएन के एक सवाल के जवाब में कहा हमारे लिए वह दुश्मन हैं। और बेशक, हमारे लिए वह हत्यारे हैं। मेरा मानना है कि दुनिया के ज्यादातर लोगों के लिए भी वह हत्यारे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के संबोधन से श्री पुतिन पर दबाव कम हो सकता है।

श्री ट्रंप ने इस सप्ताह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शेनझेन में त्रिपक्षीय बैठक से इतर श्री पुतिन से मुलाकात के दौरान उन्हें ‘दोस्त’ कहा था। व्हाइट हाउस में शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान भी उन्होंने दोनों के संबंधों की सराहना की। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब रूसी सेना ने गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले किए। 

Also Read : ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को पहले टी 20 में तीन विकेट से हराया

इन हमलों में कीव में कम से कम सात लोगों की मौत हुई और नीपर नदी पर बने कई प्रमुख पुल क्षतिग्रस्त हो गए। श्री जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने इस हमले में 400 से अधिक हमलावर ड्रोन और 110 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। उन्होंने इसे युद्ध के अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा बिल्कुल सभी लक्ष्यों पर हमले सामान्य नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए, यानी उन चीजों पर जो लोगों के जीवन को बनाए रखती हैं। ऊर्जा संयंत्र, रसद व्यवस्था, नीपर नदी पर बने पुल और रेलवे का बुनियादी ढांचा।

ये हमले श्री पुतिन की उस चेतावनी के बाद हुए, जिसमें उन्होंने इस सप्ताह यूक्रेन की ओर से रूस के क्रीमिया पुल पर किए गए हमलों के बाद यूक्रेन के साथ आंशिक युद्धविराम पर किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया था। इन हमलों में पुल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया था।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version