Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सेनेगल में नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हुई

सेनेगल से प्रवासियों को स्पेन ले जा रही नाव के पलटने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गयी है। सेनेगलीज़ प्रेस एजेंसी ने यह जानकारी दी। सेनेगल के गृह मंत्रालय ने कहा कि एक व्यक्ति को बचा लिया गया, जबकि लापता लोगों की संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।

राजधानी डकार और उत्तरी शहर सेंट-लुइस के बीच सोमवार को यह छोटी लकड़ी की नाव पलट गयी। यह नाव स्पेन के कैनरी द्वीप समूह की ओर जा रही थी।

प्रवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाली स्पेनिश एजेंसी वॉकिंग बॉर्डर्स’ के अनुसार, जनवरी से मई 2026 के बीच कैनरी द्वीप समूह जाने वाले अटलांटिक मार्ग पर 635 लोगों की मौत हुई। समूह जिन मार्गों पर नज़र रखता है, उनमें यह सबसे अधिक मौतों वाला मार्ग है।

एजेंसी के अनुसार, सोमवार सुबह चार शव मिले, जो काफी हद तक सड़ चुके थे। दमकल विभाग द्वारा सामूहिक अंतिम संस्कार प्रार्थना आयोजित करने के बाद उन्हें दफना दिया गया। बचाव दल समुद्र तट के 25 किलोमीटर लंबे हिस्से में खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन दुर्गम रास्तों और समुद्र की तेज धाराओं के कारण काम मुश्किल हो गया है। ये धाराएं शवों को और दक्षिण की ओर धकेल रही हैं।

Also Read : एनएलएमसी ने प्रयागराज में 11 सरकारी फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए प्रक्रिया शुरू की

अधिकारियों के मुताबिक 24 मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके शव उनके परिवारों को सौंप दिये गये हैं, जबकि अन्य की पहचान अभी नहीं हो पायी है।

राष्ट्रपति बसिरौ दियोमाये फाये ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और सेनेगल के नागरिकों से अपील की है कि वे खतरनाक समुद्री रास्तों पर अपनी जान जोखिम में न डालें। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक बयान में उन नेटवर्कों को खत्म करने के प्रयासों को तेज करने का वादा किया है जो इस तरह की अवैध यात्राओं का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा, “हम उन लोगों के खिलाफ अपनी लड़ाई लगातार जारी रखेंगे जो इस तरह के सफर का आयोजन करते हैं, और साथ ही उन कामों को भी जारी रखेंगे जो हमारे युवाओं को इस दिशा में लेकर आते हैं।” यह दुखद घटना ऐसे समय में हुई है जब समुद्र के रास्ते यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रवासियों के सामने आने वाले खतरों को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गयी हैं।

‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ के अनुमान के अनुसार, जिस अवधि में उन्होंने निगरानी की, उस दौरान कैनरी द्वीप पहुंचने वाले हर 100 लोगों में से लगभग 21 लोगों की मौत हो गयी। सेनेगल के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने एक और नाव को रोका, जिसमें स्पेन जाने की कोशिश कर रहे 142 प्रवासी सवार थे। नाव पर मौजूद लोगों में 23 महिलाएं, दो छोटे बच्चे और दो अन्य बच्चे शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस समूह में सेनेगल, गाम्बिया, गिनी-बिसाऊ, गिनी और नाइजीरिया के नागरिक शामिल थे।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version