Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चुनावी रैली में भी महंगाई पर मजाक करने से नहीं चूक रहे ट्रंप

अमेरिका में 5,000 अमेरिकी डॉलर से क्या-क्या हो सकता है? अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मानें तो इतनी राशि में उनके बेहद आलीशान ‘मार-ए-लागो’ रिसॉर्ट में सिर्फ एक हैमबर्गर खरीदा जा सकता है।

अमेरिका में अगले सप्ताह राष्ट्रीय चुनाव होने वाले हैं और इस चुनाव में ‘महंगाई’ एक बड़ा मुद्दा बन गया है। हालांकि, चुनाव के इस मौसम में राष्ट्रपति ट्रंप का यह मजाक राजनीति रूप से जोखिम भरा हो सकता है। देखा जाए तो ट्रंप ने अपने समर्थकों से मजाक में जो बातें कहीं उसका आशय यही है कि अगर वे ‘मार-ए-लागो’ का खर्च नहीं उठा सकते, तो उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए।

हालांकि, भीड़ में मौजूद कई लोगों को ट्रंप का यह मजाक पसंद आया और वे अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने राष्ट्रपति के मजाक पर बुरा नहीं माना। यह मजाक बढ़ती महंगाई को लेकर था। महंगाई एक ऐसा मुद्दा बन गया है, जिसके बारे में विश्लेषकों का कहना है कि इसकी वजह से ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी कांग्रेस (संसद) पर अपना नियंत्रण खो सकती है।

अमेरिका में तीन नवंबर को अमेरिकी संसद के निचले सदन- प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीट और 100 सदस्यीय सीनेट (उच्च सदन) की 35 सीट के लिए चुनाव होंगे।

वर्तमान में रिपब्लिकन पार्टी का दोनों सदनों पर नियंत्रण है। कांग्रेस के चुनाव हर दो साल में होते हैं; इनमें से एक बार ये चुनाव चार साल में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के साथ होते हैं, जबकि बाकी मौकों पर ये राष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में होते हैं।

ट्रंप ने वादा किया है कि अगर चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में नियंत्रण बरकरार रखती है, तो वह हर अमेरिकी वयस्क को 5,000 अमेरिकी डॉलर का चेक देंगे।

टेक्सास के कॉर्पस क्रिस्टी में मंगलवार को एक चुनावी रैली में ट्रंप ने अपने समर्थकों से आग्रह किया कि वे 5,000 अमेरिकी डॉलर फ्लोरिडा या अमेरिका में कहीं भी खर्च करें, बस इसे देश के बाहर खर्च नहीं करें।

ट्रंप ने कहा फ्लोरिडा जाएं या हमारी किसी शानदार जगह पर जाएं। आप मार-ए-लागो भी आ सकते हैं। मैंने पहले भी यह बात कही थी। मार-ए-लागो में आप मेरे मेहमान होंगे। दिक्कत बस यह है कि 5,000 डॉलर में आप ज्यादा से ज्यादा एक हैमबर्गर और शायद कोई छोटी सी मिठाई ही खरीद पाएंगे। मुझे तो यह भी पक्का नहीं पता कि आप इतना भी खरीद पाएंगे या नहीं। नहीं, वहां मत जाइएगा। अगर आप कीमतों को लेकर सतर्क रहते हैं, तो वह जगह आपके लिए ठीक नहीं है।

Also Read : यूक्रेन में स्टेशन पर खड़ी दो ट्रेन पर रूसी ड्रोन का हमला, 13 की मौत

उनकी इस बात से भीड़ हैरान होने के बजाय हंस पड़ी और तालियां बजाने लगी, जो इस बात का संकेत है कि ट्रंप के ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (मागा) के समर्थक उनके राष्ट्रपति बने रहने को लेकर कितने प्रतिबद्ध हैं।

वहीं, डेमोक्रेट्स और यहां तक ​​कि कुछ ‘मागा’ समर्थकों ने भी 5,000 डॉलर की इस पेशकश का मजाक उड़ाया है। उनका कहना है कि यह वोट के लिए दी जाने वाली रिश्वत है। साथ ही, इसे लागू करना भी नामुमकिन है क्योंकि इसमें लगभग 1300 अरब डॉलर का खर्च आएगा और इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी की भी जरूरत होगी।

‘प्यू रिसर्च सेंटर’ के एक हालिया अध्ययन में पाया गया कि 60 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों का कहना है कि अपनी मनचाही जीवनशैली जीने के लिए उनकी आय पर्याप्त नहीं है और 70 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्होंने बाहर जाकर खाना खाने जैसे अतिरिक्त खर्चों में कटौती की है।

इसके बावजूद, ट्रंप चुनाव प्रचार के दौरान लगातार दावा करते रहे हैं कि अर्थव्यवस्था बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने जीवनयापन की बढ़ती लागत से जुड़ी समस्या को डेमोक्रेटिक पार्टी की मनगढ़ंत बात बताकर खारिज कर दिया है।

उन्होंने ईरान के खिलाफ युद्ध छेड़ने के फैसले का भी बचाव किया और कहा कि इसके कारण पेट्रोल की कीमतों में जो भारी उछाल आया है वह ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को रोकने के लिए चुकाई गई एक ‘‘छोटी सी कीमत’’ है।

ट्रंप ने कहा पश्चिम एशिया के हालात के कारण आपके देश को बहुत बड़ा आर्थिक लाभ हो रहा है। हम इन सभी (ऊर्जा कंपनियों) को टेक्सास और लुइसियाना की ओर भेज रहे हैं। अलास्का को भी इससे बहुत फायदा हो रहा है।

वर्तमान में सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी बहुमत में है, जिसके 53 सदस्य हैं और डेमोक्रेटिक पार्टी के 47 सदस्य हैं। सीनेट की जिन 35 सीट पर फिर से चुनाव होने हैं उनमें से 22 पर रिपब्लिकन और 13 पर डेमोक्रेट्स का कब्जा है। ऐसे में डेमोक्रेटिक पार्टी को सीनेट पर नियंत्रण हासिल करने के लिए अपनी सभी 13 सीट बरकरार रखने के साथ-साथ चार और सीट जीतनी होंगी।

प्रतिनिधि सभा में वर्तमान में रिपब्लिकन पार्टी के पास 218 सीट हैं, डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 214 सीट हैं। एक सीट निर्दलीय सदस्य के पास है। प्रतिनिधि सभा में अभी दो सीट खाली हैं।

कांग्रेस चुनाव के अलावा अमेरिकी नागरिक देश के 50 में से 36 राज्यों में गवर्नर चुनने के लिए भी मतदान करेंगे। इनमें रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माना जाने वाला ओहायो राज्य भी शामिल है, जहां विवेक रामास्वामी का मुकाबला डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन के साथ है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version