अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को ‘अनंत युद्ध’ में तब्दील नहीं होने देंगे। श्री वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है जब लड़ाई समाप्त करने के कूटनीतिक प्रयासों में गतिरोध के बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपना तीसरा विमानवाहक पोत तैनात किया है।
ईरान के साथ स्थायी समझौता सुनिश्चित करने के कूटनीतिक प्रयासों के अनिश्चित बने रहने के बीच ‘यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट’ का आगमन पश्चिम एशिया में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति के और विस्तार को दर्शाता है। परमाणु ऊर्जा से संचालित यह विमानवाहक पोत सितंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और इस पर 5,000 से अधिक सैन्यकर्मी तथा एफ/ए-18 लड़ाकू विमानों सहित 60 से अधिक विमानों वाला एयर विंग तैनात है।
पिछले सप्ताह कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी के साथ चर्चा के बाद श्री ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त हमलों की संभावना को ‘काफी कम’ बताया था और कहा था कि संघर्ष का सैन्य हिस्सा ‘प्रभावी रूप से समाप्त’ हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने हालांकि यह चेतावनी भी दी थी कि यदि परिस्थितियां बदलती हैं तो अमेरिकी सेना ‘पूरी तरह तैयार और मुस्तैद’ है।
Also Read : शमी-सिद्धार्थ अब राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा
अमेरिका-ईरान अप्रैल में दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हुए थे, जिसके बाद जून में एक व्यापक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। जुलाई की शुरुआत में हालांकि यह समझौता टूट गया, जिससे नए सिरे से लड़ाई छिड़ने की आशंकाएं फिर बढ़ गईं। तब से पाकिस्तान और कतर के मध्यस्थ इन दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बीच चीन भी पश्चिम एशिया के देशों के साथ अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है। उसने घोषणा की है कि पश्चिम एशिया के लिए उसके विशेष दूत झाई जून ने तनाव कम करने और आगे किसी भी टकराव को रोकने के उद्देश्य से सलाह के लिए हाल ही में ईरान, ओमान और सऊदी अरब की यात्रा की है।
यह कूटनीतिक सक्रियता 19 नवंबर को शेनझेन में होने वाले उच्च-स्तरीय शिखर सम्मेलन से पहले देखी जा रही है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात होने की उम्मीद है। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पुष्टि की कि श्री शी इस बैठक की मेजबानी करेंगे और इसे तीनों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक बताया।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चर्चा वैश्विक शांति और रणनीतिक स्थिरता पर केंद्रित होगी। यह पूछे जाने पर कि क्या ईरान संघर्ष और परमाणु हथियार नियंत्रण एजेंडे में शामिल होंगे, सुश्री माओ ने विशिष्ट विषयों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया और कहा कि तैयारियां आगे बढ़ने पर अधिक जानकारी दी जाएगी।
Pic Credit : UNI
