Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शी जिनपिंग आज पहुंचेंगे दिल्ली

नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को करीब दो बजे दिन में भारत पहुंचेंगे। वे हवाईअड्डे से सीधे भारत मंडपम पहुंचेंगे, जहां करीब ढाई बजे ब्रिक्स सम्मेलन की बैठक में हिस्सा लेंगे। वे 24 घंटे के लिए भारत यात्रा पर आ रहे हैं। रविवार दोपहर दो बजे के करीब ही नई दिल्ली से रवाना हो जाएंगे। ब्रिक्स बैठक से इतर राष्ट्रपति जिनपिंग की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोपक्षीय वार्ता भी होने की संभावना है।

बहरहाल, चीन के राष्ट्रपति भले शनिवार को आएंगे लेकिन दुनिया के ज्यादातर देशों के नेता शुक्रवार को ही भारत पहुंच गए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को तड़के तीन बजे नई दिल्ली पहुंचे। सदस्य देशों की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के सिरिल राष्ट्रपति रामफोसा भी शनिवार को भारत पहुंच गए। ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा शनिवार को भारत पहुंचे।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गए हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। भारत पहुंचने पर ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता शानदार और बेहद सफल रही और इस दौरान काफी काम हुआ।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने भारत पहुंचने के बाद ब्रिक्स बिजनेस फोरम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि अफ्रीका सिर्फ दुनिया को अपने खनिज देता रहे और बदले में उसे अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निवेश न मिले, ऐसा नहीं चल सकता। उन्होंने अफ्रीकी देशों में ज्यादा निवेश और ब्रिक्स देशों के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी की जरूरत बताई।

बहरहाल, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गए हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी भी ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। शाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी वार्ता हुई।

Exit mobile version