लखनऊ। लंबी प्रतीक्षा के बाद रविवार को योगी आदित्यनाथ का सरकार का विस्तार होगा। बताया जा रहा है कि छह नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। मार्च 2022 में सरकार बनाने के बाद यह दूसरा विस्तार होगा। पिछले कई महीनों से इसकी अटकलें लगाई जा रही थीं। रविवार को दोपहर तीन बजे नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इससे पहले शनिवार शाम साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन पहुंचे। अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद भी उनके साथ थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिल कर उनको मंत्रियों की सूची सौंपी। बताया जा रहा है कि छह नए मंत्री बनाए जाएंगे। साथ ही कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। अगर कुछ मंत्री हटाए जाते हैं तो रविवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों की संख्या बढ़ भी सकती है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल मार्च में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले यह आखिरी विस्तार होगा।
जानकार सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय और पूजा पाल को मंत्री बनाया जाएगा। इनके अलावा नाई समाज से एमएलसी रामचंद्र प्रधान, विश्वकर्मा समाज से वाराणसी के भाजपा एमएलएसी हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाया जा सकता है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी सरकार में जगह मिल सकती है। वे जाट समाज से आते हैं। मथुरा के विधायक और पहले मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा भी रेस में है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला के भी मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है।
जानकार सूत्रों का कहना है कि कृष्णा पासवान को भी योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। अभी मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 54 मंत्री हैं। इस तरह छह मंत्री और बन सकते हैं। तभी कहा जा रहा है कि छह मंत्री बनेंगे। लेकिन कुछ मंत्रियों को हटा कर ज्यादा नए मंत्रियों के लिए जगह बनाई जा सकती है। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले पांच मार्च को योगी सरकार का विस्तार हुआ था।
