Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमृतपाल के बहाने चुनावी विसंगति पर सवाल

Amritpal party

पंजाब की खदूर साहिब सीट के सांसद अमृतपाल सिंह को अपने दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की पैरोल मिली थी। शनिवार, 21 नवंबर को डिब्रूगढ़ की हाई सिक्योरिटी जेल से निकाल कर अमृतपाल को पंजाब उनके गांव लाया गया। अमृतपाल ने जेल में रह कर ही चुनाव लड़ा था और चुनाव जीतने के बाद भी लगातार जेल में ही है। उन्हीं की तरह जम्मू कश्मीर के इंजीनियर राशिद भी जब से जीते हैं, तब से जेल में ही बंद हैं। हालांकि उनको जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के समय थोड़े दिन की रिहाई मिली थी। वे अपनी पार्टी को चुनाव लड़ाने के लिए करीब एक महीने की जमानत पर थे।

यह देखना होगा कि इंजीनियर राशिद के जैसी सुविधा अमृतपाल को मिलती है या नहीं? अमृतपाल ने भी एक अन्य निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा के साथ मिल कर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) नाम से पार्टी बनाई है। वारिस पंजाब दे नाम से वे एक संगठन चलाते थे। यह संगठन कई नशा मुक्ति केंद्रों का संचालन करता है। सरकारी एजेंसियों का कहना है कि वहां नशा मुक्ति के साथ युवाओं को कट्टरपंथी बनाया जा रहा था। इसी आरोप में अमृतपाल जेल में है। हालांकि उन्हें अमृतसर के अजनाला में थाने पर हमला करके अपने साथी को छुड़ाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन उस आरोप में गिरफ्तार किए गए बाकी सभी लोगों को जमानत मिल गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा सिर्फ अमृतपाल से हो, जो माननीय सांसद हैं!

अब सोचें, यह कितनी बड़ी विसगंति है कि, जिसे कानून के हिसाब से सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानती है और गिरफ्तार करके जेल में डाला हुआ है उसे जेल से ही चुनाव लड़ने की सुविधा है। यह भी कैसी विडम्बना है कि लोकसभा का सांसद चुने जाने के बाद पिछले ढाई साल से अमृतपाल सिंह जेल में हैं और खदूर साहिब लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं का कोई प्रतिनिधित्व संसद में नहीं है! क्या तत्काल इस विसंगति को दूर करने की जरुरत नहीं है? या तो ऐसे कानून बनें कि जेल में रह कर कोई चुनाव नहीं लड़ सके या फिर ऐसा कानून बने कि जीत जाने के बाद जनता का काम करने और संसद में प्रतिनिधित्व करने के लिए जेल से बाहर रखा जाए।

कानून की इस विसंगति का खामियाजा खदूर साहिब सीट के लोग भुगत रहे हैं तो इंजीनियर राशिद की बारामूला सीट के मतदाता भी भुगत रहे हैं। सबसे दिलचस्प मामला तो उत्तर प्रदेश के मुख्तार अंसारी का रहा। मुख्तार अंसारी को 2005 में गिरफ्तार करके जेल में बंद किया गया था। उसके बाद करीब 15 साल तक वह जेल में थे। जेल से ही मुख्तार ने 2007, 2012 और 2017 का चुनाव जीता। सोचें, 15 साल तक बिना क्षेत्र में गए, लोगों से बिना मिले और बिना कोई काम कराए वे चुनाव जीते। इससे भी खराब बात यह है कि इन 15 सालों में कोई भी सरकार मुख्तार अंसारी को दो साल या उससे ज्यादा की सजा सुनिश्चित नहीं करा सकी ताकि उन्हें चुनाव लड़ने से रोका जा सके!

यह विरोधाभास भी बहुत दिलचस्प है कि जेल में बंद मतदाता चुनाव में वोट नहीं डाल सकता है लेकिन चुनाव लड़ सकता है। जन प्रतिनिधित्व कानून की धारा 62(5) जेल में बंद किसी नागरिक को वोट करने से रोकती है। जो वोट नहीं डाल सकता है वह चुनाव लड़ सकता है, इस व्यवस्था का सुप्रीम कोर्ट ने बचाव करते हुए स्पष्ट किया है कि वोट न डाल पाने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट गया है; मतदाता सूची में नाम बने रहने के कारण वह चुनाव लड़ने के लिए पात्र रहता है। ऐसे ही एक मतदाता एक से ज्यादा जगह से वोट नहीं डाल सकता है लेकिन एक से ज्यादा जगह से चुनाव लड़ सकता है।

अब अगर कानूनी पहलू की बात करें तो भारत का संविधान या 1951 का जन प्रतिनिधित्व कानून जेल में बंद किसी आरोपी के चुनाव लड़ने का अलग से प्रावधान नहीं करता है। भारत में किसी के चुनाव लड़ने से अयोग्य होने के जो नियम हैं उनमें यह नहीं है कि जेल में बंद आरोपी चुनाव नहीं लड़ पाएगा। जन प्रतिनिधित्व कानून की धारा आठ में अयोग्यता के नियम हैं। यह धारा सिर्फ उन्हीं लोगों को चुनाव लड़ने से रोकती है, जिन्हें अदालत ने दोषी ठहराया है। 8(3) के तहत दो साल या उससे अधिक की सजा पाने पर कोई चुनाव नहीं लड़ पाएगा और अगर पहले से जन प्रतिनिधि है तो सजा के बाद उसकी सदस्यता समाप्त हो जाएगी।

सो, भारत में चुनाव लड़ने का अधिकार एक वैधानिक अधिकार है। जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा चार (लोकसभा के लिए) और धारा पांच (विधानसभा के लिए) के तहत योग्य कोई भी मतदाता तब तक जेल से चुनाव लड़ सकता है, जब तक कि वह धारा आठ के तहत किसी अपराध में दोषी साबित होकर अयोग्य घोषित न हो जाए। इस कानूनी व्यवस्था का और भारत की बेहद सुस्त अपराध न्याय प्रक्रिया का लाभ उठा कर जेल में बंद कैदी या गंभीर अपराध के आरोपी भी चुनाव लड़ते रहे हैं। जेल में बंद सांसदों और विधायकों को क्रमशः संविधान के अनुच्छेद 101 (4) और 190 (4) के तहत 60 दिन की गैरहाजिरी पर सदस्यता समाप्त होने के नियम से भी छूट मिल जाती है।

अब सवाल है कि इसका क्या उपाय है? इस पर कई बार विधि आयोग ने सिफारिश की हैं और कई बार अदालतों में सुनवाई भी हुई है। सरकारें इसे बदलने के लिए अपनी ओर से कोई पहल नहीं करती हैं, जबकि 2018 में पांच जजों की संविधान पीठ ने और फिर 2025 में भी सुप्रीम कोर्ट ने विचाराधीन कैदियों के वोटिंग और चुनाव लड़ने के बीच की असमानता पर केंद्र और चुनाव आयोग से जवाब मांगा था। इसके बाद अदालतों ने हाथ खड़े कर दिए कि कानून बनाने और बदलने का अधिकार संसद को है। जब भी ऐसे मामले सार्वजनिक विमर्श में लाए गए तब संविधान के जानकारों ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव केवल उम्मीदवार का अधिकार नहीं, बल्कि उस क्षेत्र के लाखों मतदाताओं का ‘प्रभावी प्रतिनिधित्व पाने का अधिकार’ भी है। यदि सांसद या विधायक पूरे पांच साल जेल में रहता है, तो वह न तो सदन में क्षेत्र के मुद्दे उठा पाता है और न ही विकास कार्यों की निगरानी कर पाता है।

इन विसंगतियों को दूर करने के लिए कई बार चर्चा हुई है। विधि आयोग ने रिपोर्ट दी है और चुनाव आयोग ने भी कई बार इस पर विचार किया। कई समितियों ने भी इन विसंगतियों को उठाया। विधि आयोग की 244वीं रिपोर्ट में सिफारिश की गई थी कि अगर किसी व्यक्ति पर ऐसे गंभीर अपराध में अदालत द्वारा आरोप तय हो जाते हैं, जिनमें कम से कम पांच साल या उससे ज्यादा की सजा का प्रावधान है और यह आरोप चुनाव से कम से कम एक साल पहले तय हुए हैं, तो उसे चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए। हालांकि इसे इसलिए नहीं लागू किया गया क्योंकि पार्टियों को लगता है कि सत्तारूढ़ दल राजनीतिक विद्वेष के तहत अपने विरोधियों के ऊपर मुकदमे करा कर और आरोप तय करा कर उन्हें चुनाव लड़ने से रोक सकती है।

इससे बचने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का रास्ता अपनाया गया। एमपी, एमएलए कोर्ट बना कर राजनीतिक लोगों के आपराधिक मामलों को जल्दी निपटाने का रास्ता बनाया गया। लेकिन वहां भी मामले वर्षों तक चलते हैं, जिससे वे न तो बरी हो पाते हैं और न ही दोषी साबित होते हैं। एक साल के अंदर मामलों का निपटारा करने का नियम है लेकिन इसके अनुपालन की एक भी मिसाल नहीं है। एक सुझाव यह भी है कि अगर जेल में बंद कोई आरोपी जन प्रतिनिधि चुन लिया जाता है तो उसे विशेष अवकाश देने की बजाय एक निश्चित समय सीमा दी जाए और अगर उसमें वह जमानत नहीं हासिल कर पाता है तो उसकी सदस्यता समाप्त की जाए ताकि उपचुनाव हो सके। हालांकि इसमें भी राजनीतिक विद्वेष वाला मामला आ जाता है। तीसरा सुझाव ‘राइट टू रिकॉल’ का है। नियम बना दिया जाए कि अगर एक निश्चित समय सीमा में जन प्रतिनिधि को जमानत नहीं मिलती है तो जनता ‘राइट टू रिकॉल’ का इस्तेमाल करके अपने जन प्रतिनिधि को हटाने की पहल करे। जैसे भी हो, कोई उपाय करके इस किस्म की विद्रूपताओं को समाप्त किया जाना चाहिए।

Exit mobile version