Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत क्या नया गेम खेल रहा है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस जुमले पर गौर करें- ‘इंडिया इज प्लेइंग अ होल न्यू गेम’। उन्होने दुनिया में एक बेहद एक पॉपुलर ऑनलाइन गेम जीटीए यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो गेम्स के फॉन्ट और उसके ग्राफिक्स के साथ यह बात कही। इसे उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। मतलब एक गेम जीटीए के पांचवें संस्करण से छठे संस्करण की 13 साल की यात्रा की तुलना अपने साढ़े 12 साल के कार्यकाल से की है। उन्होंने युवाओं को समझाया कि जीटीए का एक संस्करण आने में जितना समय लगा उतने समय में उन्होंने भारत को बदल दिया।

यह बताने के लिए मोदी ने आर्थिक विकास के 2014 और 2026 के आंकड़ों की तुलना की। उन्होंने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था फ्रेजाइल फाइव से निकल कर दुनिया की सबसे तेज बढ़ती पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है। अत्यधिक गरीबों की आबादी 27 से घट कर 2.6 फीसदी रह गई है। 20 फीसदी से बढ़ कर विद्युतीकरण 99 फीसदीसे ज्यादा हो गया है। सौ फीसदी स्वच्छता कवरेज है। सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 से बढ़ कर 175 गीगाबाइट हो गई है और इंटरनेट डेटा की कीमत 308 रुपए प्रति जीबी से घट कर साढ़े सात रुपए प्रति जीबी हो गई है। उन्होंने कहा कि 440 स्पेस स्टार्टअप हो गए हैं और 80 से ज्यादा देशों को भारत रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है।

निश्चित रूप से मोदी जीटीए के डेवलपमेंट को फॉलो नहीं करते होंगे। वे यह नहीं जानते यह गेम एक ‘अपराधी जोड़ी’ या ‘क्रिमिनल ड्यूओ’ की कहानी है, जिसकी ओर कांग्रेस के जयराम रमेश ने इशारा किया। लेकिन उनकी टीम ने बताया होगा कि यह नई परिघटना है औऱ लॉन्च होते ही जीटीए-6 के लाखों यूजर्स बन गए हैं। ध्यान रहे यह कंपनी स्कॉटलैंड की है। वहां के आईटी के पेशेवरों ने इसे बनाया है। अमेरिका से लेकर पूरे यूरोप और भारत में भी बड़े चाव से यह गेम खेला जाता है। जाहिर है बड़ा स्टार्टअप है यह, जिसकी चर्चा भारत के प्रधानमंत्री ने भी की।  सवाल है क्या भारत का कोई स्टार्टअप है, जिसकी ऐसी ही चर्चा दुनिया के किसी और देश में हो? पर भारत की उपलब्धि क्या है? भारत विदेशी ऑनलाइन गेम्स खेलने में रिकॉर्ड बना रहा है। इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के सबसे ज्यादा यूजर्स भारत में हैं। ऐसे ही एआई के भी सर्वाधिक यूजर भारत में हैं। अमेरिकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और सर्च इंजन का भी सर्वाधिक इस्तेमाल भारतीय करते हैं। लेकिन इनमें से भारत का अपना क्या है?

क्या भारत ने कोई ऑनलाइन गेम बनाया है या कोई प्लेटफॉर्म बनाया है, जिसका इस्तेमाल दुनिया भर में किया जा रहा हो। चीन का टिकटॉक पूरी दुनिया में इस्तेमाल होता है। अमेरिका का यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, एक्स आदि पूरी दुनिया में इस्तेमाल किए जाते हैं। स्कॉटलैंड में बना जीटीए पूरी दुनिया खेलती है। लेकिन भारत का क्या? डेटा सस्ता होने से भारत के लोग इन सब प्लेटफॉर्म के यूजर बने हैं। जब प्रधानमंत्री इन प्लेटफॉर्म्स का हवाला देकर भारत के विकास का दावा करते हैं तो सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि तकनीक की दुनिया में भारत की खुद की क्या उपलब्धि है?

प्रधानमंत्री ने जितनी उपलब्धियों का जिक्र किया है वह सब जेनेरिक हैं। कुछ भी नया नहीं है। पहले 39 फीसदी स्वच्छता कवरेज था और अब एक सौ फीसदी हो गया है, इस दावे का कोई अर्थ नहीं है। भारत अब भी दुनिया का सबसे गंदा और सबसे प्रदूषित हवा, पानी वाला देश है। ऐसे ही सौर ऊर्जा पहले कम बनती थी और अब बहुत बनने लगी है यह जेनेरिक विकास है। जैसे जैसे नई तकनीक आ रही है वैसे वैसे ऊर्जा उत्पादित करने की क्षमता बढ़ रही है। हकीकत यह है कि सौर ऊर्जा के लिए जरूरी तकनीक, सोलर प्लेट्स आदि चीन से ही आता है। पहले इतनी सड़क बनती थी अब इतनी बनती है या पहले इतनी रेल लाइन बिछती थी और अब इतनी बिछती है यह जेनेरिक विकास के आंकड़े हैं। कांग्रेस चाहे तो बता सकती है कि उसके पहले की सरकारों में कितने फोन थे और उसके समय कितने हुआ या उससे पहले कितनी सड़कें बनती थीं और उसके समय में कितनी बनीं। इन बातों का कोई अर्थ नहीं होता है।

असली बात यह है कि नया क्या आविष्कार हुआ? भारत ने ऐसा क्या बनाया कि पूरी दुनिया ने हैरान रह गई और पूरी दुनिया में उसे हाथों हाथ लिया गया। दुनिया ने कुछ बनाया और अपनी आबादी की वजह से हम सबसे बड़े यूजर बन गए यह कोई उपलब्धि नहीं है।

भारत ने सर्वमएआई को संप्रभु प्लेटफॉर्म के तौर पर विकसित करने के लिए चुना  था। इसे करीब एक करोड़ रुपए के चिप्स उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें एनवीडिया के भी चिप्स थे। अब खबर है कि भारत के कथित संप्रभु सर्वमएआई भारत के चिप्स यानी जीपीयू पर चीन के एआई मॉडल्स को होस्ट कर रहा है और बेच रहा है। इसी हफ्ते सर्वमएआई ने ‘टोकन फैक्टरी’ नाम से अपना प्लेटफॉर्म लॉन्च किया, जिस पर वह स्वदेशी मॉडल के साथ साथ चीन के डीपसीक, किमी और जीएलएम जैसे मॉडल्स को भी होस्ट कर रहा है और बेच रहा है। इससे भारत की संप्रभुता, आत्मनिर्भरता और डेटा सुरक्षा के सवाल उठ रहे हैं। कंपनी की ओर से सफाई दी जा रही है कि भारत सरकार के पैसे से जो चिप्स खरीदी गई है उन पर चीनी मॉडल्स को होस्ट नहीं किया जा रहा है, बल्कि निजी निवेश से खरीदी गई चिप्स पर चीनी मॉडल को होस्ट किया जा रहा है और बेचा जा रहा है। सोचें, क्या लचर तर्क है? क्या चीन का कोई प्लेटफॉर्म भारत के सर्वमएआई की ‘टोकन फैक्टरी’ को होस्ट कर रहा है? यह भारत की एआई की उपलब्धि की हकीकत है।

Exit mobile version