प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस बार का जन्मदिन और उसके बाद सात अक्टूबर को सार्वजनिक जीवन में उनके 25 साल पूरे होने का मौका बहुत धूम धड़ाके वाला होगा। भारतीय जनता पार्टी लगातार तैयारी में जुटी है। सेवा संकल्प अभियान शुरू होने वाला है। इस अभियान में वैसे तो अनेक खास बातें हैं लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात यह है कि भाजपा ने भारत सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को अपने घर के बाहर या छत पर शाम सात बजे दीया जलाने की अपील की है। इसी आशीर्वाद का दीया कहा जा रहा है। हालांकि यह अपील की तरह नहीं है क्योंकि भाजपा और उसकी राज्य सरकारें योजनाओं के लाभार्थियों के घर पर दीया पहुंचा रही हैं। अभी तो सिर्फ दीया पहुंचाने की बात हुई है, हो सकता है कि दीया जलाने के लिए तेल, बाती और कुछ अन्य चीजें भी पहुंचाई जाएं। सो, इसे सामान्य अपील नहीं कह सकते हैं। वैसे तो प्रधानमंत्री के लिए भाजपा लाभार्थियों का आशीर्वाद मांग रही है लेकिन सोशल मीडिया में ऑलरेडी इसे आभार कहा जाने लगा है। कहा जा रहा है कि सरकार चाहती है कि लाभार्थी आभार जताएं।
बहरहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन का यह तीसरा मौका है, जब लोगों से दीया जलाने को कहा जा रहा है। हर बार अलग अलग समूहों से इसकी अपील की गई है। सबसे पहले कोराना माहामारी के समय ताली और थाली बजवाने के बाद सरकार ने सभी देशवासियों से अपने घर पर दीया जलाने को कहा था ताकि कोरोना वॉरियर्स के काम के प्रति सम्मान जाहिर किया जा सके। इसके बाद अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के समय हिंदुओं से अपील की गई कि वे अपने घर के सामने दीया जाएं। अब सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से अपील की जा रही है कि वे अपने घर के सामने दीया जलाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दें। ध्यान रहे लाभार्थी वोट देकर पहले ही अपना आशीर्वाद दे रहे हैं, लेकिन इस बार के जन्मदिन को खास बनाने के लिए दीया जलवाया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में इसका फैसला किया गया।
ध्यान रहे, कई गैर भाजपा दलों की राज्य सरकारें भी ढेर सारी योजनाएं चला रही हैं। मिसाल के तौर पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अलग अलग योजनाओं के तहत जितना पैसा दे रही हैं उतना पैसा सिर्फ एक मइया सम्मान योजना के तहत झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार दे रही है। अगर हेमंत सोरेन के जन्मदिन पर अगर झारखंड की सरकार लाभार्थी महिलाओं से अपील करे कि वे अपने घर के बाहर दीया जलाएं और हेमंत सोरेन को आशीर्वाद दें तो भाजपा इसे किस रूप में लेगी? कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारें भी अलग अलग योजनाओं के तहत कई समूहों को नकद पैसे दे रही हैं। तो क्या उनसे मुख्यमंत्रियों के जन्मदिन पर या कांग्रेस के सर्वोच्च नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनसे दीया जलवाया जाए? प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर या सार्वजनिक जीवन में उनके 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा कार्यक्रमों का आयोजन करे, रक्तदान शिविर लगवाए, सेमिनार कराए, कलश यात्रा निकाले, श्रमदान करे लेकिन सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से दीया जलवाना बिल्कुल अनोखी बात है। वैसे कलश यात्रा और लोगों से 25 मिनट श्रमदान करने की अपील भी इस अभियान में इस बार जुड़ रहा है।
