Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोहन भागवत के मुताबिक किसका उदय होगा?

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने पिछले दिनों युवा धर्म संसद कार्यक्रम में अपने भाषण में कहा कि जिसका उदय होता है उसका अस्त निश्चित है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई समझता है कि हमेशा सब कुछ उसके हिसाब से ही होगा तो ऐसा नहीं होता है। उनके इस बयान के बाद एक कयास तो इस बात का लगाया जा रहा है कि उन्होंने किसके अस्त होने की बात कही है। लेकिन साथ ही यह चर्चा भी शुरू हो गई है, अगर उनके हिसाब से किसी का अस्त होना है तो उसके बाद किसका उदय होगा? ध्यान रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उम्र 76 साल है और पार्टी के अंदर उनके उत्तराधिकारी की चर्चा शुरू हो गई है।

इसी संदर्भ में यह सवाल पूछा जा रहा है कि जिस तरह से नरेंद्र मोदी का उदय हुआ उनके बाद उस तरह का उदय किसका होगा? अमित शाह सबसे प्रबल दावेदार हैं और ऐसी जानकारी देने वाले कई लोग हैं, जिनका कहना है कि वे उप प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं और इस वजह से मंत्रिमंडल में फेरबदल टल रही है। उनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, जो अगर अगले साल मार्च में फिर जीतते हैं तो बड़े दावेदार होंगे। इनके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस का नाम भी चर्चा में है। वे संघ की पसंद बताए जा रहे हैं। फिर सवाल है कि बरसों से संघ की सबसे बड़ी पसंद रहे नितिन गडकरी का क्या होगा? मोहन भागवत और संघ की दुविधा गडकरी और फड़नवीस की होगी।

Exit mobile version