Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आंध्र की तीन महिलाएं बनाम जगन मोहन

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। विधानसभा चुनाव में हार कर सत्ता से बाहर होने के बाद अब वे एक दूसरे मोर्चे पर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उनके परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद छिड़ गया है, जिसमें एक तरफ उनकी मां और बहन हैं तो दूसरी तरफ वे अकेले है। उन्होंने एनसीएलटी में मामला दर्ज कराया है कि उनकी बहन वाईएस शर्मिला ने उनकी ओर से अपनी मां वाईएस विजयम्मा को दिए गए शेयर धोखाधड़ी से अपने नाम ट्रांसफर कराए हैं। हालांकि बाद में उनकी मां ने सामने आकर कहा कि कोई धोखाधड़ी नहीं हुई है। उनकी मां ने कहा है कि उनकी बेटी यानी कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष वाईएस शर्मिला के साथ अन्याय हो रहा है।

अब संपत्ति विवाद दूसरा टर्न ले रहा है। जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला ने आरोप लगाया है कि जगन के इशारे पर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया सेल से घर की महिलाओं के खिलाफ घटिया अभियान चलाया जा रहा है। उनके खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं और झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। शर्मिला का कहना है कि उनके साथ साथ उनकी मां वाईएस विजयम्मा और उनकी चचेरी बहन वाईएस सुनीता के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। वाईएस सुनीता के पिता वाईएस विवेकानंद रेड्डी राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जगन के पिता वाईएसआर रेड्डी के छोटे भाई थी। उनकी 2019 में हत्या हो गई थी। सो, आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी बनाम वाईएस विजयम्मा, वाईएस शर्मिला और वाईएस सुनीता की लड़ाई चल रही है।

Exit mobile version