BJP new state presidents: भारतीय जनता पार्टी संगठन चुनावों में लगी है। लोकसभा चुनाव और उसके बाद हुए राज्यों के चुनाव के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव प्राथमिकता है और उसके साथ ही राज्यों में भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति होनी है।
जिस तरह से जेपी नड्डा अभी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साथ केंद्र सरकार में मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता की तीन जिम्मेदारी निभा रहे हैं वैसे ही कई राज्यों में एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत से उलट प्रदेश अध्यक्ष दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उनको दोहरी जिम्मेदारी से मुक्त करना है। इसके अलावा चुनाव वाले राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों को लेकर फैसला करना है।
तभी कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले कम से कम सात राज्यों में भाजपा नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जनवरी के आखिरी हफ्ते में या फरवरी के पहले हफ्ते में संभव है। उससे पहले प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे।
also read: भारत का रक्षा निर्यात 10 वर्षों में रिकॉर्ड 21,000 करोड़ रुपये के हुआ पार: राजनाथ सिंह
बिहार में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पहले सम्राट चौधरी प्रदेश अध्यक्ष थे, लेकिन राज्य में सत्ता बदलने पर जब वे उप मुख्यमंत्री बने तो उसके कुछ दिन के बाद उनको प्रदेश अध्यक्ष से हटा दिया गया।
लेकिन फिर दिलीप जायसवाल को बनाया गया, जो पहले से मंत्री थे। तभी यह फैसला किसी को समझ में नहीं आया। अब पार्टी को बिहार के बारे में फैसला करना है। यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी साल में भाजपा जायसवाल को मंत्री पद से हटा कर उनको अध्यक्ष रखती है या नया चेहरा लाती है।
इसी तरह महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले राज्य की नई सरकार में मंत्री बन गए हैं। सो, वहां नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। पहले रविंद्र चव्हाण के नाम की चर्चा थी लेकिन उनको प्रदेश संगठन चुनावों का प्रभारी बना दिया गया है।
इसके बाद अध्यक्ष रह चुके सुधीर मुंगटीवार के नाम की चर्चा तेज हो गई है। ऐसे ही गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री बन गए हैं।
उनकी जगह नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाना है। बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद मयंक नायक और राज्य की भूपेंद्र पटेल सरकार के मंत्री जगदीश विश्वकर्मा के नाम की चर्चा हो रही है।
MP में नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश
मध्य प्रदेश में वीडी शर्मा की जगह लेने के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश चल रही है। वे लंबे समय से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और उनकी कमान में भाजपा का सदस्यता अभियान काफी सफल रहा।
लोकसभा और विधानसभा दोनों में भाजपा को रिकॉर्ड जीत मिली है। उनकी जगह लेने के लिए नरोत्तम मिश्र दावेदार बताए जा रहे हैं। लेकिन एक चर्चा आदिवासी अध्यक्ष बनाने की है और उसके लिए फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम की भी जोरदार चर्चा है।
इनके अलावा लाल सिंह आर्य, हेमंत खंडेलवाल और सुमेर सिंह सोलंकी के नाम की भी चर्चा है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में डेढ़ साल से कम समय रह गया है और पार्टी को सुकांत मजूमदार से ज्यादा उम्मीद नहीं दिख रही है।(BJP new state presidents)
तभी कहा जा रहा है कि वहां प्रदेश अध्यक्ष बदल सकता है। उत्तर प्रदेश में भी भूपेंद्र चौधरी की जगह नया अध्यक्ष नियुक्त होना है और झारखंड में विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद भाजपा नए अध्यक्ष की नियुक्ति करने वाली है। अगर बाबूलाल मरांडी विधायक दल के नेता बनते हैं तो कोई गैर आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष बनेगा।