Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ससंद सत्र के पहले या बाद में बदलाव?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सरकार में कब फेरबदल करेंगे इसकी कई अटकलें गलत साबित हो चुकी हैं। अब फेरबदल को लेकर नई तारीख तय होने के कयास लगाए जा रहे हैं। नई तारीख तलाश रहे लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि फेरबदल संसद के सत्र के बाद होगी या पहले होगी। एक कयास यह भी है कि अगर संसद का नियमित शीतकालीन सत्र चार या सात दिसंबर से होता है तो उससे पहले नवंबर के अंत में तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। उस सत्र में सरकार महिला आरक्षण कानून में संशोधन का बिल पास करा लेगी और उसके साथ ही परिसीमन बिल पास करा लेगी। फिर नियमित सत्र के पहले बचे हुए समय में किसी दिन मंत्रिपरिषद में फेरबदल हो जाएगी। लेकिन अगर विशेष सत्र नहीं होता है तो फिर शीतकालीन सत्र के बाद तक इंतजार करना पड़ेगा। वह इंतजार लंबा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि अगले 24 घंटे में तय हो जाएगा कि संसद का विशेष सत्र होगा या नियमित सत्र होगा। कहा जा रहा है कि सात से 23 दिसंबर के बीच शीतकालीन सत्र होना है। सो, अगर विशेष सत्र नहीं होता है तो इसका अर्थ है कि सरकार तीनों विधेयक शीतकालीन सत्र में पास कराएगी और उससे पहले मंत्रिपरिषद में फेरबदल नहीं होगी। यह पक्के तौर पर कहा जा रहा है कि तीनों बिल पास कराए गए बगैर फेरबदल नहीं होगी क्योंकि कई पार्टियों और सांसदों के सामने मंत्री बनाए जाने की गाजर लटकाई गई है। अब अगर शीतकालीन सत्र के बाद बदलाव का फैसला होता है तो वह इंतजार 14 जनवरी तक चलेगा। क्योंकि शीतकालीन सत्र 23 दिसंबर को खत्म होगा और तब मलमास चल रहा होगा। इसलिए 14 जनवरी के बाद और 28 जनवरी को बजट सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडिल में फेरबदल की संभावना बनेगी। अगर नवंबर के अंत में विशेष सत्र होता है तब दिसंबर पहले हफ्ते में भी फेरबदल हो सकती है।

Exit mobile version