पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अभी तक लुटियन की दिल्ली में मकान आवंटित नहीं हुआ है। उन्होंने 21 जुलाई 2025 को इस्तीफा दिया था। उन्हें पद छोड़े हुए पांच महीने से ज्यादा हो गए। आमतौर पर राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के रिटायर होने से पहले ही उनके लिए आवास तैयार कर दिया जाता है। चूंकि धनखड़ ने बीच में पद छोड़ा तो पहले से आवास तैयार नहीं हो सकता था लेकिन पांच महीने में तो हो ही सकता था।
कहा जा रहा है कि उन्होंने नौ, सुनहरी बाग रोड बंगला आवंटित करने को कहा था लेकिन वह बंगला भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को आवंटित हो गया है। जगदीप धनखड़ अभी चौटाला परिवार को छत्तरपुर स्थित फार्महाउस में रह रहे हैं। नियमों के मुताबिक उनको आवास, निजी स्टाफ आदि की सुविधा अब तक मिल जानी चाहिए थी।
