Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एमपी, छत्तीसगढ़ में प्रचार समाप्त

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रचार का शोर थम गया है। बुधवार की शाम पांच बजे दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त हो गया। प्रचार आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित भाजपा और कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी। अब उम्मीदवार घर-घर जाकर प्रचार कर सकेंगे। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर और छत्तीसगढ़ की बची हुई 70 विधानसभा सीटों पर शुक्रवार यानी 17 नवंबर को मतदान होगा। राज्य की 20 विधानसभा सीटों पर सात नवंबर को मतदान हुआ था। दोनों राज्यों की मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

मध्य प्रदेश में इस बार भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ रही है। प्रचार के दौरान खुद शिवराज सिंह ने कहा कि उनका काम चुनाव जीत कर देना है, मुख्यमंत्री कौन होगा यह पार्टी तय करेगी। दूसरी ओर कांग्रेस ने कमलनाथ का चेहरा आगे करके चुनाव लड़ा है। उधर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट नहीं किया है। हालांकि भाजपा लगातार बघेल पर हमला करती रही। चुनाव प्रचार के बीच महादेव ऐप घोटाले में केंद्रीय एजेंसी ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने मुख्यमंत्री बघेल को 508 करोड़ रुपए देने की बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने महादेव ऐप घोटाले का अपनी कई सभाओं में जिक्र किया।

बहरहाल, दोनों राज्यों के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा कर प्रचार किया। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने अनेक रैलियां कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश में 15 रैलियां कीं। कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कई सभाएं कीं। पिछले 15 दिन में कांग्रेस के बड़े नेताओं ने दो सौ जनसभाएं कीं।

मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस और भाजपा के अलावा बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी तालमेल करके चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। राज्य के पांच करोड़ 60 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए 958 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए हैं, जहां राय के एक करोड़ 63 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। नक्सल प्रभावित इलाकों में तीन बजे तक मतदान होगा, जबकि बाकी इलाकों में शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।

Exit mobile version