Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

क्रिकेट पर कूटनीतिक विवाद सुलझाया गया

ऐसा नहीं है कि विश्व कप क्रिकेट को लेकर सिर्फ घरेलू राजनीति में विवाद हो रहा है। एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय विवाद भी हो गया था। श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणातुंगा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह के ऊपर बड़ा आरोप लगाया था। श्रीलंका की टीम नॉकआउट राउंड में यानी सेमीफाइनल तक पहुंचने से पहले ही बुरी तरह से हार कर मुकाबले से बाहर हो गई थो रणातुंगा ने कहा था कि जय शाह ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को चला रहे हैं और उनकी वजह से पूरा श्रीलंका क्रिकेट तबाह हो गया है। इस बयान के बाद बड़ा विवाद शुरू हो गया था। हालांकि अब उसे सुलझा लिया गया है।

भारतीय क्रिकेट की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विवाद सुलझाने के खुद श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने जय शाह को फोन किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव से रणातुंगा के बयान के लिए माफी मांगी। अब मुश्किल यह है कि भारत ने फाइनल मुकाबले के लिए दुनिया भर की टीमों के उन कप्तानों को आमंत्रित किया है, जिन्होंने विश्व कप जीता था। सवाल है कि इस विवाद के बाद अर्जुन रणातुंगा कैसे भारत आएंगे? उनकी कमान में ही श्रीलंका ने 1996 में विश्व कप जीता था। रणातुंगा को लेकर तो विवाद है लेकिन पाकिस्तान को कप्तान विश्व कप जिताने वाले कप्तान इमरान खान जेल में हैं। इसलिए उनका आना तो मुश्किल ही है। इमरान खान ने 1992 में पाकिस्तान को विश्व कप जिताया था।

Exit mobile version