Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केशव मौर्य का बयान अपना है या….

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल मची है। उन्होंने मंगलवार को मीडिया के सामने एक सवाल के जवाब में कह दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कोई मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि, ‘कमल का फूल ही मुख्यमंत्री का चेहरा है’। इसका अर्थ है कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव होगा और कमल के फूल छाप पर वोट डालने को कहा जाएगा। यह कोई नई बात नहीं है। पहले कई राज्यों में ऐसा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल के फूल छाप पर लोगों से वोट मांगे गए हैं।

लेकिन उत्तर प्रदेश का मामला अलग है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। 1989 के बाद से उत्तर प्रदेश में किसी पार्टी की सरकार रिपीट नहीं हुई थी। योगी के नेतृत्व में भाजपा 2022 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। पिछले पांच दशक में कोई नेता उत्तर प्रदेश में लगातार 10 साल मुख्यमंत्री नहीं रहा। योगी 10 साल पूरा करके फिर से चुनाव में जाएंगे। उन्होंने कानून व्यवस्था, विकास और हिंदुत्व का अपना एक नैरेटिव क्रिएट किए है, जो पूरी तरह से उनके चेहरे पर आधारित है। ऐसे में केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान हैरान करने वाला है। तभी यह सवाल भी है कि मौर्य का यह बयान उनका अपना है या वे कहीं से निर्देशित हो रहे हैं? यह भी ध्यान देने की बात है कि पिछले कुछ समय से मीडिया में लगातार केशव प्रसाद मौर्य ही सक्रिय हैं। पार्टी अखिलेश यादव के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक कार्ड के जवाब में उनको आगे कर रही है। वे गैर यादव पिछड़ी जातियों को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने वाला चेहरा बन रहे हैं। ऐसे में उनके बयान का खास महत्व है।

Exit mobile version