Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कम से कम 10 लोग पैलेट गन से घायल हुए हैं

भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार दोनों इस बात पर अड़े हैं कि जंतर मंतर के प्रदर्शनकारियों पर गोली नहीं चली है। दूसरी ओर राहुल गांधी इस बात पर अड़े हैं कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पैलेट गन से गोलियां चलाई गई। इसी पर जवाब मांगने के लिए उन्होंने और विपक्ष की दूसरी पार्टियें ने कई दिन तक संसद ठप्प रखा। राहुल ने पैलेट गन से कथित रूप से घायल साहिल लोचब को भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किया था। इस बीच खबर आई है कि कम से कम 10 लोग पैलेट गन के छर्रे से घायल हुए हैं।

सूचना के अधिकार कानून के तहत तृणमूल कांग्रेस के नेता साकेत गोखले ने दिल्ली की लेडी हार्डिंग और अन्य अस्पतालों से यह जानकारी मंगवाई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी खबर आई थी कि सीआरपीएफ ने इस मामले की आंतरिक जांच कराई थी, जिसमें पता चला था कि आरएएफ ने पैलेट गन से फायरिंग की थी। अब आरटीआई से मांगी गई आधिकारिक जानकारी है कि अलग अलग अस्पतालों में कम से कम 10 घायलों का इलाज हुआ। तभी संसद के मानसून सत्र के समाप्त होने से पहले विपक्ष को एक बड़ा मौका मिल गया है। सरकार को इसका जवाब देना होगा कि छात्रों के ऊपर पैलेट गन से गोलियां क्यों चलीं और केंद्र सरकार इतने समय तक इससे इनकार क्यों करती रही।

Exit mobile version