Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तेलंगाना जागृति नाम से पार्टी बनाएंगी कविता

एकीकृत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे वाईएसआर रेड्डी की बेटी वाईएस शर्मिला ने अलग पार्टी बनाई थी। उन्होंने तेलंगाना में अपनी पार्टी बनाई थी और एक बार चुनाव भी लड़ा लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया। अब वे आंध्र प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष हैं। अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री रहे के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता स्वतंत्र राजनीति करने जा रही हैं। उन्होंने अपने पिता की पार्टी और एमएलसी सीट से इस्तीफा देने के बाद अलग पार्टी बनाने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि वे तेलंगाना जागृति नाम से पार्टी बनाएंगी।

कविता की राजनीति पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर है। कविता ने अपने भाई केटी रामाराव और चचेरे भाई केटी हरीश पर आरोप लगाया है कि वे चंद्रशेखर राव को भाजपा के करीब ले जा रहे हैं। इस तरह उन्होंने भाजपा से दूरी दिखाने का प्रयास किया है। ध्यान रहे वे दिल्ली के शराब घोटाले से जुड़े मामले में जेल जा चुकी हैं। इसलिए उनका भाजपा से लड़ना स्वाभाविक है। तभी ज्यादा संभावना है कि आने वाले दिनों में वे कांग्रेस से नजदीकी दिखाएं। हालांकि अभी तुरंत तो वे कांग्रेस के साथ नहीं जाएंगी। लेकिन अगले कुछ दिन में वे भी शर्मिला के रास्ते पर चलें तो हैरानी नहीं होगी।

Exit mobile version