Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सपा पर ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का दबाव

अखिलेश यादव को असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने दबाव में ला दिया है। इन दोनों के गठबंधन से पहले माना जा रहा था कि समाजवादी पार्टी कम से कम मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी। यह भी कहा जा रहा था कि कई मजबूत मुस्लिम नेताओं और मुस्लिम इदारों ने यह भरोसा दिया था कि सपा अगर कम मुस्लिम उम्मीदवार भी देगी तो मुस्लिम का वोट उसे मिलेगा। ध्यान रहे लोकसभा चुनाव में भी सपा ने सिर्फ चार मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। इसी तरह अखिलेश ने सिर्फ पांच यादव उम्मीदवार उतारे और सब परिवार से ही थे। यादव उम्मीदवारों के मामले में तो अब भी वे इसी रणनीति पर काम करेंगे लेकिन मुस्लिम के मामले में उनको नए सिरे से विचार करना होगा।

समाजवादी पार्टी ने पिछले चुनाव में 47 मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे। 20 फीसदी आबादी के अनुपात में 12 फीसदी के करीब टिकट अखिलेश ने दी थी। इस बार सीटें कम करने की बात थी। लेकिन ओवैसी ने दबाव बना दिया कि अखिलेश मुस्लिम प्रतिनिधित्व कम न करें। अगर वे ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवार उतारते हैं तो भाजपा को मुस्लिमपरस्ती का आरोप लगाने और ध्रुवीकरण कराने का मौका मिलेगा। और अगर कम उम्मीदवार उतारते हैं तो ओवैसी अटैक करेंगे और उनके मुस्लिम नेताओं को अपनी पार्टी से टिकट देंगे। कहा जा रहा है कि ओवैसी की नजर सपा के मुस्लिम नेताओं पर है। बहुत अच्छी तैयारी करने वाले मुस्लिम नेता को अगर सपा की टिकट नहीं मिली तो ओवैसी उसे टिकट देंगे।

Exit mobile version