शरद पवार की एनसीपी को लेकर स्थितियां थोड़ी स्पष्ट हो रही हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि वे अभी एनडीए में शामिल होने नहीं जा रहे हैं। इसका अर्थ है कि उनकी पार्टी के 10 विधायकों के प्रदेश की देवेंद्र फड़नवीस सरकार में शामिल होने और उनकी बेटी सुप्रिया सुले के केंद्र में मंत्री बनने की चर्चाएं थम जाएंगी। यह उनकी पार्टी के कई नेताओं के लिए बड़ी निराशा की बात है, जो राज्य में मंत्री बनना चाहते हैं। अगर शरद पवार एनडीए का हिस्सा नहीं बनते हैं तो उनकी पार्टी के दोनों धड़ों के विलय की संभावना भी अभी समाप्त हो जाएगी। वैसे एनसीपी की नेता और राज्य की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पहले ही कह दिया है कि अजित पवार के निधन के साथ ही दोनों गुटों के विलय की बातचीत समाप्त हो गई। हालांकि इसके बावजूद उनके बेटे पार्थ पवार ने हाल के दिनों में दो बार शरद पवार से मुलाकात की है।
इन मुलाकातों में सिर्फ शरद पवार की सेहत के बारे में बात नहीं हुई, बल्कि विलय की भी बात हुई। बहरहाल, जानकार सूत्रों का कहना है कि शरद पवार एनडीए में शामिल होने की बजाय एनडीए को मुद्दों पर आधारित समर्थन देंगे। कहा जा रहा है कि महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन बिल पर वे सरकार का समर्थन कर सकते हैं। हालांकि वे एनडीए में जाएं या न जाएं, अगर समर्थन किया तो अपना वोट गवाएंगे। ध्यान रहे पिछली लोकसभा में बीजू जनता दल या वाईएसआर कांग्रेस का सरकार को मुद्दा आधारित समर्थन था। दोनों पार्टियों का क्या स्थिति हुई यह सब जानते हैं। तभी शरद पवार के लिए यह कोई बहुत फायदे का सौदा नहीं होना है। उनको लग रहा है कि एनडीए के साथ गए तो मराठवाड़ा का मुस्लिम और दलित साथ छोड़ देगा। अगर वे मुद्दों पर आधारित समर्थन देंगे तब भी यह वोट साथ छोड़ेगा और पूरी तरह से कांग्रेस के साथ जाएगा। इसलिए कांग्रेस चिंता नहीं कर रही है कि शरद पवार क्या फैसला करते हैं।
