Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत मंडपम में होगी भाजपा की बैठक!

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारी शुरू हो गई है। जानकार सूत्रों का कहना है कि 20 जनवरी या उससे एकाध दिन पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस बार किसी चुनावी राज्य की बजाय दिल्ली में ही बैठक होगी। बताया जा रहा है कि दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा का सम्मेलन होगा, जिसमें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में नामित किया जाएगा। उनके चुनाव की प्रक्रिया उससे पहले ही शुरू कर दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए बनी कमेटी तैयारियों की औपचारिकताओं को पूरा करेगी।

बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति के तुरंत बाद भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुला लिया जाएगा। सभी प्रदेश कमेटियों की ओर से नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव हो सकता है और कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय कमेटी की ओर से भी उनके नामांकन का प्रस्ताव दिया जा सकता है। इसके बाद 20 जनवरी को उनको अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। ध्यान रहे 20 जनवरी 2026 को जेपी नड्डा के बतौर अध्यक्ष छह साल पूरे होंगे। उसी दिन उनकी जगह नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह भी कहा जा रहा है कि अध्यक्ष के चुनाव के अलावा कार्यकारिणी की बैठक में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

Exit mobile version